नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। अब एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी संग्राम देखने को मिल सकता है। वहीं आज यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले विधायक दल की बैठक ली। इस दौरान लंबे समय के बाद योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों डिप्टी सीएम दिखाई दिए। यह मौका इसलिए खास है क्योंकि लंबे वक्त से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि दोनों ही उपमुख्यमंत्री सीएम से नाराज हैं और यूपी बीजेपी में एक बड़ी फूट हो गई है। आज तीनों ने एक साथ आकर अन कयासों पर ब्रेक लगा दिया।
लोकसभा चुनाव के बाद से ही योगी के खिलाफ खोल रखे थे मोर्चा
बता दें कि, लंबे वक्त से ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को लगे झटके के बाद अंदरखाने से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मोर्चा खोले हुए थे। उन्होंने आला कमान से मांग की थी कि सीएम योगी को हटाया जाए। वहीं कैबिनेट बैठक में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक नहीं पहुंच रहे थे। जिसके बाद से ही ये कयास लगाये जा रहे थे कि आला कमान जल्द ही यूपी के नेतृत्व पर कोई बड़ा फैसला ले सकता है।
केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर बोला हमला
वहीं विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और सांसद अखिलेश यादव पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की असलियत सामने आ चुकी है। पीडीए बहुत बड़ा धोखा है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम माता प्रसाद पांडेय का सम्मान करते हैं और उन्हें विपक्ष का नेता बनने की बधाई देते हैं, लेकिन अब पीडीए की सच्चाई सामने आ गई है।
जनता को गुमराह करके अखिलेश ने लोकसभा चुनाव में लिए वोट
केशव प्रसाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस ने जनता को गुमराह करके वोट लिए हैं। अब उस वर्ग से आने वाले लोग बहुत मायूस हैं। क्योंकि उन्होंने बहुत ज्यादा सपने देखे थे। इसके अलावा केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के चाचा और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चाचा भी सपने संजोये हुए थे और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मन में बहुत सी इच्छाएं लेकर बैठे हुए थे। लेकिन अखिलेश यादव ने उन सभी की पीठ में छुरा घोंप दिया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में कन्नौज से जीतने के बाद अखिलेश यादव करहल विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। अखिलेश ने सपा के दिग्गज नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे माता प्रसाद पांडे को विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया है। वहीं चीफ व्हिप का पद कमाल अख्तर को दिया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





