नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने लोकसभा विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बेतुका बयान दे डाला है। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का हवाला देते हुए कहा कि उनकी बहन और मां की मांग में भारतवासियों ने कभी सिंदूर नहीं देखा इसलिए उनकी पार्टी के लोग ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने ये भी कहा कि, कोई भी बड़े घर में जन्म लेने से भारतीय नहीं हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय संस्कृति को जीते हैं। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मेरठ जनपद में पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का जमकर घेरा।
इस दौरान उन्होने कहा कि राहुल गांधी की बहन और राहुल गांधी की मां की मांग में भारतवासियों ने कभी सिंदूर नहीं देखा, तो वो सिंदूर का महत्व क्या जानेंगे? राहुल गांधी और उनकी पार्टी के लोग इसी वजह से ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाते हैं। भारतीय संस्कार और संस्कृति पर विश्वास नहीं है इसलिए इसी बात को पूछते है।
पीएम मोदी की तारीफ में क्या बोले मंत्री?
मंत्री दिनेश प्रताप ने आगे कहा कि जिसकी बहन की कलाई पर चूड़ी नहीं खनकी तो क्या जानेंगे राखी का महत्व? जब भारत की कोई बहन कलाई पर राखी बांधती है तो आखिरी सांस तक निभाने का दम रखती है। किसी बड़े घर में पैदा हो जाने से कोई भारतीय नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी भारतीय संस्कार और संस्कृति में जीते हैं।
अखिलेश यादव को भी लिया आड़े हाथ
दिनेश प्रताप सिंह ने इस बीच, सपा चीफ को भी आड़े हाथों लिया और यूपी की बिजली व्यवस्था और यूपी से बीजेपी के सफाए के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि दिन में कोई सपना देखता है तो हमें कोई एतराज नहीं है। अखिलेश के जमाने से 10 गुना ज्यादा बिजली मिल रही है। दरअसल, अखिलेश यादव लगातार यूपी की बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते आए हैं, यही नहीं सपा का दावा है कि 2027 में बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी।




