union-minister-sanjeev-balyan-reached-bengal
union-minister-sanjeev-balyan-reached-bengal

बंगाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कार्यकर्ताओं को सिखाए जीत के गुर, राम मंदिर में किया दर्शन

कोलकाता, 03 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आसन्न विधानसभा चुनाव के दौरान व्यापक जनसंपर्क और चुनाव प्रचार के लिए भाजपा के केंद्रीय नेता कमरकस मैदान में कूद चुके हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय पशुपालन और मत्स्य राज्यमंत्री संजीव बलयान बुधवार को बंगाल पहुंचे। उन्होंने नदिया जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क किया और कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र के कालीगंज विधानसभा इलाके में कार्यकर्ताओं के साथ अहम रणनीतिक बैठक की है। उन्होंने देवग्राम और मटियारी में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को कमर कस कर मैदान में उतरने का आह्वान किया। बालियान ने कहा कि बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार बैठी है उन्हें सुरक्षित मतदान केंद्रों को पहुंचाने और निष्पक्ष तरीके से वोटिंग हो सके इसके लिए कार्यकर्ताओं को मिलजुल कर काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बननी तय है। भाजपा बहुमत की सरकार बनाएगी और इसके लिए कार्यकर्ताओं को कमर कस कर तैयार रहना होगा। संजीव बालियान ने मटियारी इलाके में स्थित 300 साल पुराने श्री राम मंदिर के दर्शन भी किए और पूजा अर्चना की। यहां से बाहर निकल कर उन्होंने लोगों से बात की और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। बालियान ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य का विकास केंद्र के साथ मिलकर किया जाएगा। उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार पर बंगाल के किसानों और आम लोगों के लिए केंद्रीय योजनाओं को रोकने का आरोप भी लगाया। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in