नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी आज 6 अप्रैल 2025 को अपना 46वां स्थापना दिवस (BJP Foundation Day) मना रही है। स्थापना दिवस का यह है कार्यक्रम 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा जिसमें पार्टी के नेता लोगों को बीजेपी की नीतियों से अवगत कराएंगे। स्थापना दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी अमित शाह और जेपी नड्डा ने बधाई संदेश दिया है।
क्षेत्र प्रवास करेंगे भाजपा नेता
आज 6 अप्रैल को पार्टी दफ्तर की सजावट की गई है और सभी पदाधिकारी अपने-अपने घरों पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वजारोहण करेंगे और उसकी फोटो #bjp4viksitbharat के साथ पोस्ट करेंगे। इसके अलावा 8 और 9 अप्रैल को विधानसभा लेवल पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें नेता और कार्यकर्ता 11 साल में पीएम मोदी की भारत की विकसित यात्रा को लोगों के बीच लेकर जाएंगे और क्षेत्र प्रवास भी करेंगे।
जनसंघ से बीजेपी बनने तक का सफर
जनसंघ के बीजेपी बनने तक की कहानी काफी दिलचस्प है। दरअसल बीजेपी का अस्तित्व में आना दोहरी सदस्यता के कारण उपजा था। इमरजेंसी के बाद जनसंघ के सदस्य जनता पार्टी का हिस्सा बन गए थे। कांग्रेस को इमरजेंसी का दांश झेलना पड़ा और देश में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार बनी। 1980 में दोहरी सदस्यता की वजह से जनसंघ के सदस्यों को जनता पार्टी से बाहर कर दिया गया। इसका चौतरफा विरोध किया गया और नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटा मैदान में दो दिन का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ। इसी अधिवेशन में एक नई पार्टी का जन्म हुआ जिसे भारतीय जनता पार्टी का नाम दिया गया। कई संस्थापक सदस्य इस पार्टी का नाम भारतीय जनसंघ रखने के पक्ष में थे लेकिन लालकृष्ण आडवाणी ने इसका नाम भारतीय जनता पार्टी सुझाया और इस पर फाइनल मोहर लग गई।




