नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा में दशहरे के आसपास बारिश हुई। अचानक हुई वर्षा से कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया, जबकि कुछ जगहों पर यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और मौसमी हवाओं के कारण हुआ।
वही, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर मौसम में बदलाव का संकेत दिया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
IMD ने जारी किया अलर्ट
IMD ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से 5 से 7 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। मौसम का यह बदलाव ऐसे समय में होने वाला है, जब देशभर में नवरात्रि से लेकर महीने के अंत तक त्योहारों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है।
IMD ने दी भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तरी पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। सोमवार, 6 अक्तूबर को कई जगह भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बताया कि दिल्ली में रविवार को हल्की बारिश होगी, जबकि मंगलवार तक तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना है।
तापमान में दर्ज होगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है। अधिकारियों का कहना है कि विक्षोभ के बाद रात का पारा तेजी से घटेगा और अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से सर्दी के असर की शुरुआत सामान्य से पहले महसूस होने लगेगी।
इस बार जमकर हुई मानसूनी बारिश
बता दें कि, सितंबर में दिल्ली के कई हिस्सों में सामान्य से करीब 10 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। यह 2010 के बाद सबसे ज्यादा बारिश वाले अगस्त के बाद दर्ज की गई सबसे बड़ी वर्षा रही। इस बार दिल्ली-एनसीआर में कुल मिलाकर औसत से अधिक मानसूनी बारिश देखने को मिली।





