नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कश्मीर वासियों को इस महीने बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। अब यहां के निवासी वंदे भारत ट्रेन से सफर कर सकेंगे। कटरा से कश्मीर तक पहली वंदे भारत ट्रेन अप्रैल माह में शुरू हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर दी है। इस ट्रेन सेवा के शुरू होने के साथ ही जम्मू और श्रीनगर के बीच में यात्रा का समय कम हो जाएगा। साथ ही वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवा शुरू होने से यहां के पर्यटन क्षेत्र का भी विकास होगा।
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी जम्मू-कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को 19 अप्रैल को कटरा से हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क परियोजना भी पूरी हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में इसका संचालन कटरा से ही किया जाएगा, क्योंकि अभी जम्मू रेलवे स्टेशन पर मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद इसका संचालन जम्मू से किया जाएगा।
केंद्र शासित प्रदेश के प्रमुख शहरों में यात्रा होगी आसान
उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) परियोजना के पूरा होने से जम्मू-कश्मीर के निवासियों को काफ़ी फ़ायदा होगा। इससे केंद्र शासित प्रदेश के प्रमुख शहरों में यात्रा करना आसान हो जाएगा। इस परियोजना से कटरा और श्रीनगर के बीच यात्रा का समय काफ़ी कम हो जाएगा। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि जम्मू-कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस सड़क मार्ग से यात्रा के मौजूदा 6-7 घंटे के समय को घटाकर सिर्फ़ 3 घंटे कर देगी।
संगलदान-कटरा सेक्शन जल्द ही होगा शुरू
परियोजना के कुछ सेक्शन चालू हो गए हैं, बाकी कटरा-संगलदान सेक्शन (63 किमी) पर काम पूरा होने के अंतिम चरण में है। उपाध्याय ने कहा कि एक बार यह चालू हो जाने के बाद ट्रेनों को कटरा तक बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में श्रीनगर और संगलदान के बीच ट्रेन सेवाएं चालू हैं।
प्रधानमंत्री मोदी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी 19 अप्रैल को वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन करने के लिए उधमपुर जिले का दौरा करने वाले हैं, जो जम्मू से कटरा जिले के रास्ते श्रीनगर तक की यात्रा करेगी। हालांकि, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि वंदे भारत के उद्घाटन के लिए ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से कटरा से शुरू होगी, क्योंकि जम्मू रेलवे स्टेशन निर्माणाधीन है। जितेंद्र सिंह ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 अप्रैल को जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत का उद्घाटन करने के लिए उधमपुर आएंगे, और यह सेवा अस्थायी रूप से कटरा से शुरू की जा रही है क्योंकि जम्मू रेलवे स्टेशन निर्माणाधीन है। यह कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एक भव्य कार्यक्रम होगा।”
रेल परियोजना में 38 सुरंगें, 927 पुल शामिल
कश्मीर को रेल मार्ग से जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजना 1997 में शुरू की गई थी, लेकिन भूवैज्ञानिक, भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण इसमें समय लग गया। इस परियोजना के तहत कुल 38 सुरंगें और 927 पुल बनाए गए हैं। इन सुरंगों की कुल लंबाई 119 किलोमीटर है, जिनमें सबसे लंबी सुरंग टी-49 है, जो 12.75 किलोमीटर लंबी है। यह सुरंग देश की सबसे लंबी परिवहन सुरंग भी है। इस परियोजना में कुल 927 पुल हैं, जिनकी कुल लंबाई 13 किलोमीटर है, जिनमें से प्रमुख चिनाब पुल है। चिनाब पुल की कुल लंबाई 1,315 मीटर है और उसकी मेहराब 467 मीटर ऊंची है, जो नदी तल से 359 मीटर ऊपर स्थित है। यह एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा होने के कारण दुनिया का सबसे ऊंचा मेहराब वाला रेलवे पुल (आर्क ब्रिज) होगा।
गौरतलब है कि भारतीय रेलवे ने 23 जनवरी को श्री माता वैष्णो देवी कटरा (SVDK) रेलवे स्टेशन से श्रीनगर रेलवे स्टेशन तक पहली वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन किया था। यह ट्रेन अंजी खाद ब्रिज और चिनाब ब्रिज (दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज) से होकर गुजरेगी। दिलचस्प बात यह है कि वंदे भारत ट्रेन को क्षेत्र की ठंडी जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।





