नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राष्ट्रीय जनता दल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बैठक हुई। जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और NDA सरकार पर जमकर बरसे। इस दौरान तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे चाचा और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार के वोटरों को धोखा दिया है।
हमने भाजपा को बिहार से उखाड़ फेंका था
बिहार में महागठबंधन 2.0 की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने बिहार में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंका था। हमने उन्हें फिर से ये मौका दिया, लेकिन उन्होंने BJP के साथ फिर से गठबंधन करके हमें धोखा दिया। तेजस्वी यादव ने भाजपा और RSS सहित उसके सहयोगी संगठनों को सरकार में जगह देने के लिए नीतीश कुमार को दोषी ठहराया। इस दौरान तेजस्वी ने दावा किया कि राज्य में 15 साल के शासन में भाजपा और RSS सिमट गया था, लेकिन नीतीश कुमार के बिहार की सत्ता में आने के बाद ये संगठन बिहार में दोबारा से फले-फूले।
विचारधारा की जगह व्यापारिक सौदों ने ले ली है
बैठक में तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि राजनीतिक दलों में विचारधारा की जगह व्यापारिक सौदों ने ले ली है। उन्होंने पेपर लीक और पुल ढहने की घटनाओं को लेकर नीतीश सरकार पर खूब हमले किए। तेजस्वी यादव ने नौकरियों को लेकर भी नीतीश कुमार और एनडीए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब मैने भर्ती करने का प्रस्ताव नीतीश कुमार के सामने रखा तो उन्होंने कहा कि भर्ती अभियान के लिए पैसा कहां से आएगा, लेकिन जब राज्य में महागठबंधन की सरकार आई तो हमने बच्चों को ज्वाइनिंग लेटर बांटा।
अल्पसंख्यक राजद की नींव हैं- तेजस्वी यादव
RJD अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के बैठक में बोलते हुए तेजस्वी यादव ने मुस्लिम समुदाय को RJD के पक्ष में वोट देने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के द्वारा हम राजद की नींव को और ज्यादा मजबूत करने की आकांक्षा रखते हैं।
एनडीए सरकार के निशाने पर है वक्फ बोर्ड
इस दौरान उन्होंने एनडीए पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों और किसानों के साथ इस सरकार ने बहुत बुरा व्यवहार किया है। उन्होंने किसानों को खालिस्तानी और मुसलमानों को आतंकवादी कहा था। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि इस समय वक्फ बोर्ड एनडीए की सरकार के निशाने पर है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





