नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार में कानून व्यवस्था का दिन पर दिन लोप होते जा रहा है। आए दिन लगातार हत्याएं, लूट और मारकाट की खबरें आ रही हैं। ऐसी ही एक खबर शनिवार को आई। दरअसल बिहार के पूर्णिया में शनिवार को अपराधियों ने एक ज्वेलरी शो रूम पर हमला कर 2 करोड़ रुपये के हीरे-जवाहरात और सोने के गहने लूट लिए। बिहार में आए दिन लूट, बलात्कार और हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं। इन वारदातों को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार और बिहार की पुलिस पर बड़ा हमला किया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार और उनकी पुलिस आपराधिक तत्वों को संरक्षण देती है।
सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा
अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तेजस्वी यादव ने पूर्णिया में करोड़ों की लूट और सीतामढ़ी में पुलिस की बेरहमी से पिटाई की तस्वीरें जारी कर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि पूर्णिया में ज्वेलरी शोरूम से सरकारी लुटेरों ने 20 मिनट में 20 करोड़ लूट लिए। सीतामढ़ी के पुपरी में पुलिस की वर्दी में पुलिस के गुंडों ने फुकरान शेख को अकारण इतना पीटा कि उनकी पेट की आंत बाहर आ गई।
नीतीश सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का लगाया आरोप
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि नीतीश सरकार और उनकी भ्रष्ट पुलिस लुटेरों, अपराधियों, शराब माफिया और गुंडों को संरक्षण देती है तथा निर्दोष लोगों की हत्या करती है। बिहार में सीएम की अक्षमता एवं अरुचि तथा प्रशासनिक अराजकता के कारण चारों तरफ लूट, नकारापन, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। कोई अधिकारी सुनने वाला नहीं है।
तनिष्क शो रूम में ग्राहक बनकर आए थे लूटेरे
बता दें कि, इस समय राज्य में आपराधिक वारदातों में इजाफा हो गया है। नीतीश कुमार जहां सुशासन की बात करते रहे हैं। वहीं इस समय बिहार में चारों तरफ अराजकता फैली हुई है। वहीं शनिवार को पूर्णिया में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। तनिष्क शो रूम में ग्राहक बनकर आए लुटेरों ने दो करोड़ से ज्यादा के गहने व जेवर लूट लिए। शहर के लाइन बाजार स्थित तनिष्क शो रूम में शुक्रवार की दोपहर 12 बजे डकैती हो गई। 7 हथियारबंद बदमाशों ने शोरूम कर्मियों को बंधक बनाकर 2 करोड़ के आभूषण लूट लिए। ये सभी आभूषण सोने और हीरे के हैं। ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। कैमरे में कैद अपराधियों की उम्र 20 से 25 साल लग रही है।
पुलिस की पिटाई से एक युवक की आंतें आ गई थी बाहर
उधर सीतामढ़ी में बिहार में पुलिस की बेरहमी का एक मामला सामने आया है। ट्रेन के अंदर सीट के लिए झगड़ा कर रहे एक युवक को रेल पुलिस के एक जवान ने एक युवक को इस तरह से पीटा कि उसकी आंत पेट से बाहर आ गई। हालांकि इस मामले में दो पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





