नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। तमिलनाडु में शुक्रवार को एक मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेन के बीच टक्कर हो गई। पैसेंजर ट्रेन मेन लाइन में जाने के बजाय लूप लाइन में चली गई। इस वजह से रेल हादसा हुआ। इस हादसे में 19 लोग घायल भी हुए हैं। पैसेंजर ट्रेन मैसूर से बिहार के दरभंगा जा रही थी। मैसूर-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस ट्रेन तिरुवल्लूर में कवरैप्पेट्टै रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई थी।
कुल 19 यात्री घायल हुए हैं
तिरुवल्लूर डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर टी प्रभुशंकर ने बताया कि कुल 19 यात्री घायल हो गए हैं। इनमें से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल ही पास के अस्पताल में ले जाया गया है। हालांकि अभी किसी प्रकार की कैजुअलटी की कोई खबर नहीं है।
रेलवे के महाप्रबंधक ने क्या कहा
दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक आरएन सिंह ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “यह ट्रेन गुडूर और आगे आंध्र प्रदेश जा रही थी तथा मैसूर से चलकर ओडिशा होते हुए दरभंगा जाती। जब यह इस स्टेशन (कावराईपेट्टई) से गुजरी तो लूप लाइन पर एक मालगाड़ी खड़ी हो गई, जिसे प्राथमिकता दी गई।”
उन्होंने बताया, “इस ट्रेन को बिना रुके मुख्य लाइन से गुजरना था, क्योंकि इस स्टेशन पर इसका कोई निर्धारित स्टॉप नहीं है। मुख्य लाइन के लिए सिग्नल भी दिए गए थे। हालांकि, यह असामान्य बात थी कि मुख्य लाइन के लिए सिग्नल होने के बावजूद ट्रेन लूप लाइन में प्रवेश कर गई, जहां मालगाड़ी खड़ी थी। यह मालगाड़ी से पीछे से टकराई, जिससे इंजन पटरी से उतर गया। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट दोनों सुरक्षित हैं। ”
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद कुछ हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं हेल्पलाइन नंबर कुछ इस प्रकार हैं। चेन्नई डिवीजन में हेल्पलाइन नंबर 04425354151 04424354995, समस्तीपुर- 8102918840, दरभंगा- 8210335395, दानापुर – 9031069105, डीडीयू जंक्शन- 7525039558।
सरकार तेजी से कार्य कर रही है
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा है, सरकार राहत कार्य और बचाव कार्य पर तेजी से काम कर रही है। अन्य यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए खाने औय अन्य सुविधाओं पर काम कर रही है। फायर विभाग दुर्घटनाग्रस्त कोचों को हटाने का काम कर रहा है और मुख्यमंत्री राहत कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं।




