नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तरप्रदेश के बरेली में हुई हिंसा के मामले में यूपी पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। इस मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा को गिरफ्तार किया गया। घटना से एक दिन पहले, यानी शुक्रवार, जुमे की नमाज के बाद भारी बवाल हुआ था।
बरेली की अल हजरत दरगाह के आसपास मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लेकर उतरे। देखते ही देखते यह विरोध प्रदर्शन हिंसक टकराव में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना के बाद यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इस मामले में आज यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मौलाना तौकीर रजा समेत कुल 8 लोगों को जेल भेजा गया है। हिंसा के मामले में लगातार FIR दर्ज की जा रही हैं।
22 पुलिसकर्मी भी घायल
बरेली के एसएसपी ने बताया कि, हिंसा के मामले में कुल 10 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें कोतवाली में 5, बरादली में 2, प्रेमनगर में 1 और कैंट में 1 FIR शामिल है। पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है और कुल 39 लोगों को हिरासत में लिया है। मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ कुल 7 FIR दर्ज हैं। इस हिंसा में कुल 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
क्या था मामला?
इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के मुखिया मौलाना तौकीर रजा खान ने ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान के समर्थन में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। हालांकि, प्रशासन की मंजूरी न मिलने के कारण उन्होंने प्रदर्शन को मौके पर ही स्थगित कर दिया।
जब लोगों को प्रदर्शन रद्द होने की खबर मिली, तो वे नाराज हो गए और मस्जिद के पास तथा मौलाना तौकीर रजा के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। उन्होंने प्रदर्शन के स्थगन पर अपनी नाराज़गी व्यक्त की।





