नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मंगलवार को मुंबई के कलीना में एयर इंडिया एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड में वॉक-इन- इंटरव्यू का आयोजन किया गया। इस दौरान जो स्थिति देखने को मिली उससे देश में रोजगार की स्थिति का अंदाजा लग जाएगा। दरअसल इस वॉक-इन-इंटरव्यू के लिए नौकरी चाहने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति ऐसी हो गई थी कि वहां अफरा-तफरी मच गई। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें हजारों की संख्या में लोग इंटरव्यू सेंटर की ओर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग जल्दी पहुंचने के लिए गाड़ियों और पेड़ों पर भी चढ़ते दिखाई दिए। वहीं भगदड़ जैसी स्थिति पर काबू पाने के लिए अधिकारियों ने भीड़ में घुसकर माहौल को शांत कराया।
2216 रिक्त पदों पर होने वाली थी भर्ती
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार एविएशन इंडस्ट्री एम्पलॉइज गिल्ड के महासचिव जॉर्ज अब्राम ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया का प्रबंधन सही नहीं था। जिसकी वजह से अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। बता दें कि एयर इंडिया एयरपोर्ट सर्विसेज ने हैंडीमैन (विभिन्न मरम्मत और रखरखाव कार्य करने वाला व्यक्ति) और यूटिलिजी एजेंट के पद के लिए 2216 रिक्तियों के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू शुरू किए थे।
कंपनी ने दिया आश्वासन
इस संबंध में 28 जून की अधिसूचना में कंपनी ने कहा था कि एआई एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड आवश्यकताओं के अनुसार मौजूदा रिक्तियों को भरना चाहता है। इस संबंध में निर्धारित मापदंड पूरा करने वाले महिला-पुरुष मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विभिन्न पदों के लिए जिसकी समय अवधि 3 साल है के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिसमें आरक्षण राष्ट्रपति के निर्देशों के अनुसार होगा। रिक्तियों का वास्तविक आरक्षण नियुक्ति के समय मौजूदा संख्या पर निर्भर करेगा।
हालांकि इंटरव्यू के दिन भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए कंपनी ने आश्वासन दिया है कि सभी प्रस्तुत बायोडाटा की समीक्षा की जाएगी और आगे की प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों से संपर्क किया जाएगा।
गुजरात के भरूच में भी हुई थी ऐसी घटना
बता दें कि ऐसी ही एक घटना गुजरात के भरूच में हुई थी। जहां सैकड़ों लोग केमिकल फर्म थर्मैक्स कंपनी के द्वारा मात्र 10 रिक्त पदों के लिए आयोजित नौकरी के साक्षात्कार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान साक्षात्कार केंद्र में घुसने के लिए एक भीड़ संघर्ष करती दिखी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें –www.raftaar.in





