नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। NEET UG पेपर लीक मामले को लेकर उठा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेसी सांसदों ने कल आरोप लगाया कि संसद भवन में राहुल गांधी को NEET पर बोलने से रोकने के लिए उनके माइक को बंद कर दिया गया। जिसके बाद जमकर बवाल हुआ। अब आज 29 जून दिन शनिवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है।
पीएम देते हैं टकराव को महत्व- सोनिया गांधी
उन्होंने एक अखबार में लेख लिखकर आरोप लगाया है कि पीएम मोदी आम सहमति के मूल्य का उपदेश देते हैं, लेकिन वो खुद टकराव को बढ़ावा देते हैं। सोनिया गांधी ने आगे कहा कि पीएम अभी तक लोकसभा नतीजों को स्वीकार नहीं कर पाये हैं। वो टकराव को महत्व देते हैं।
लोकसभा उपाध्यक्ष पद को लेकर ये बोलीं सोनिया
सोनिया गांधी ने कहा कि परंपरा के अनसार लोकसभा में उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिया जाना चाहिये था, लेकिन सरकार ने उनकी मांग को खारिज कर दिया। इससे पहले 17वीं लोकसभा में भी उपाध्यक्ष के संवैधानिक पद को नहीं भरा गया।
सोनिया गांधी ने नीट पेपर लीक मामले में चुप रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में लाखों युवाओं का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रधानमंत्री परीक्षा पे चर्चा करते हैं लेकिन पेपर लीक पर चुप हैं।
मणिपुर हिंसा पर पीएम मोदी रहे चुप
वहीं सोनिया गांधी ने मणिपुर को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कुकी और मैतेई समुदायों के बीच संघर्ष के कारण सैकड़ों लोग मारे गए हैं। जिसकी वजह से उस राज्य का सामाजिक सदभाव बिखर गया है। फिर भी प्रधानमंत्री ने ना तो राज्य का दौरा किया ना ही उनके नेताओं ने यहां के लोगों से मिलने की इच्छा जाहिर की।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





