नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल के हालिया बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। फैसल ने स्पष्ट किया कि वे कुछ मामलों में केंद्र सरकार की नीतियों से असहमति रखते हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारतीय सशस्त्र बलों की खुले तौर पर तारीफ की। इतना ही नहीं, फैसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नौकरशाही को जिम्मेदारी सौंपने की उनकी कार्यशैली की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश को कई बड़े संकटों से बाहर निकाला है।
“कुछ मुद्दों पर सरकार से असहमति, लेकिन सेना पर गर्व है”
फैसल पटेल ने कहा, “हाँ, मैं कांग्रेस का हिस्सा हूँ, इसलिए सरकार की कई नीतियों से मेरा मतभेद है। लेकिन मैं यह भी मानता हूँ कि हमारे सशस्त्र बलों ने बेहतरीन कार्य किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व कौशल से देश को एक बड़े संकट से बाहर निकाला है। यह कोई छोटी बात नहीं है। मुझे हमारे जवानों पर बेहद गर्व है।” उन्होंने कहा कि भले ही राजनीति में विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश की सुरक्षा और सैनिकों की बहादुरी पर कोई मतभेद या समझौता नहीं किया जा सकता। फैसल का कहना था कि सेना का समर्पण, बलिदान और साहस, हर भारतीय को गर्व का अनुभव कराता है।
पीएम मोदी और जयशंकर की खुलकर की सराहना
फैसल पटेल ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर की कार्यशैली और विदेश नीति पर उनकी पकड़ की तारीफ करते हुए कहा, “मैं जयशंकर के काम करने के तरीके से बेहद प्रभावित हूं। मुझे उनके प्रति गहरा सम्मान है।” इसके साथ ही फैसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस रणनीति की भी सराहना की, जिसके तहत वे नौकरशाहों को मंत्रालयों में नेतृत्व की भूमिकाएं सौंपते हैं। फैसल का मानना है कि इस तरह की पहल से प्रशासनिक कामकाज में दक्षता आती है और नई सोच व टैलेंट को आगे बढ़ने का मौका मिलता है।
फैसल का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव चरम पर है। ऐसे माहौल में कांग्रेस का हिस्सा होते हुए भी फैसल पटेल द्वारा सरकार और पीएम मोदी की खुलकर तारीफ करना, राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।





