कुछ राज्य अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए वैक्सीन की कमी की बात कर रहे हैं- डॉ. हर्षवर्धन स्वास्थ्य मंत्री ने उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को दिया जवाब नई दिल्ली, 07 अप्रैल(हि.स.)। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सरकारों द्वारा वैक्सीन की कमी की बात पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे अपनी नाकामियों को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को जनजातीय स्वास्थ्य पर आयोजित सेमिनार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि देश में कई अन्य राज्यों को भी अपनी स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों को चिन्हित करने की आवश्यकता है। महाराष्ट्र में टीके की कोई कमी नहीं है लेकिन वे अपनी विफलताओं का ठीकरा केन्द्र पर फोड़ रहे हैं। स्वयं कोरोना से बचाव के उपाय लागू करवाने में असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहीं, कर्नाटक, राजस्थान और गुजरात में टेस्ट की गुणवत्ता में सुधार करने की आवश्यकता है। पंजाब में जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती होने वालों की जल्द पहचान कर उच्च मामले की मृत्यु दर में सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्राधिकरण डीसीजीआई द्वारा आपातकालीन उपयोग की अनुमति देने के बावजूद को-वैक्सीन का उपयोग करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, अपने कार्यों से राज्य सरकार के नेताओं को दुनिया में शायद ऐसी सरकार होने का गौरव प्राप्त हुआ है, जिसने टीकाकरण लेने में संकोच किया हो। उन्होंने कहा कि कुछ राज्य सरकारों द्वारा अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए घृणित प्रयास किए जा रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ विजयालक्ष्मी




