नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 की रात को निधन हो गया। डॉ. मनमोहन सिंह पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। देश के आर्थिक सुधारों में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देश दुनिया की बड़ी-बड़ी हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। इसी बीच देश के तमाम दिग्गज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ अपने पुराने किस्सों को याद कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ अपने पुराने दिनों का एक किस्सा अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा किया है।
“डॉ. मनमोहन सिंह के एक फोन कॉल पर तोड़ दिया था उपवास”
केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी आज हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अत्यंत विनम्र, सहज और सरल थे। मुख्यमंत्री रहते हुए मुझे कई विषयों पर सदैव उनका मार्गदर्शन मिला। डॉ. साहब शुचितापूर्ण राजनीति के पर्याय थे। 90 के दशक में उनकी उदारीकरण की नीतियां भारतीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं।
“डॉ. साहब ने सदैव दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्यों को हरसंभव सहयोग दिया। एक बार मैं मध्यप्रदेश में किसानों की समस्या को लेकर उपवास पर बैठा तो यह उनका बड़प्पन था कि उन्होंने फोन पर तुरंत उपवास तोड़ने को कहा और समस्या के निवारण का आश्वासन दिया। सचमुच वह महान थे, निश्चय ही उनका जाना भारतीय राजनीति की बड़ी क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि!”
“डॉ. साहब का व्यक्तित्व विजनरी था”
केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक और पोस्ट में लिखा “डॉ. साहब का व्यक्तित्व विजनरी था। मेरे मन में सदैव उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान रहा। एक बार वॉशिंगटन दौरे पर एक पत्रकार ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जी को ‘अंडर अचीवर’ कहा तो मैंने तुरंत प्रतिकार किया और सम्मान पूर्वक कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कभी अंडर अचीवर नहीं हो सकते।”





