नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है और इस बार पारा सभी पुराने रिकॉर्डों को पीछे छोड़ चुका है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि शहर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से 3.6 डिग्री अधिक है। वहीं, तापमान का प्रभाव महसूस करने के लिहाज से ‘रियल फील टेम्प्रेचर’ 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन के साथ-साथ रात भी परेशान करने वाली रही, क्योंकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने राजधानी में लू चलने की चेतावनी दी है और नागरिकों को दोपहर के समय घर के भीतर रहने की सलाह दी गई है।
IMD ने दिल्ली में लू के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, हवा में नमी का स्तर पहले के 39% से घटकर अब 24% रह गया है, जिससे लू का असर और भी खतरनाक हो गया है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में मानसून की देरी और पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण तापमान में इतनी तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है।
ताप सूचकांक एक ऐसा मानक है जो वायु के तापमान और आर्द्रता (नमी) के संयोजन के आधार पर यह दर्शाता है कि किसी व्यक्ति को वास्तविक रूप से कितनी गर्मी महसूस होती है। मौसम विभाग ने दिल्ली में लू की गंभीर स्थिति को देखते हुए 11 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और नागरिकों को सलाह दी है कि वे संभव हो तो अधिकतर समय घर के अंदर ही रहें।
राजधानी में अलग-अलग इलाकों में दर्ज हुआ झुलसाने वाला तापमान
दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों पर भीषण गर्मी ने अपने प्रभाव छोड़े। सफदरजंग वेधशाला में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड, रिज और आयानगर जैसे इलाकों में यह बढ़कर 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 11 जून को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, वहीं रात का तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना रह सकता है। हालांकि, 12 जून से गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, आने वाले समय में दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज़ हवाएं (30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) चल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के मुताबिक 10 जून की शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 215 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे साफ है कि गर्मी के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।





