नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में गुरुवार को मैट्रिक परीक्षा के दौरान नकल को लेकर दो छात्र गुटों में झगड़ा हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में दो छात्र घायल हुए थे, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने किया हाईवे जाम
घटना से नाराज मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह NH-2 सिक्स लेन पर जाम लगा दिया। उन्होंने सड़क पर आगजनी कर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस वजह से जीटी रोड पर भारी जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। लगभग डेढ़ घंटे बाद पुलिस अधिकारियों ने समझाकर लोगों को शांत किया और जाम हटवाया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम परीक्षा केंद्र में नकल को लेकर छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट ने फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में दो छात्र घायल हो गए, जिनमें से मंजू यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरा घायल छात्र कमलेश सिंह अस्पताल में भर्ती है। दोनों छात्र शंभू बिघा गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। एसपी रोशन कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बोर्ड परीक्षा पर उठे सवाल
बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हुई है जो कि 25 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा में 15 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हो रहे हैं। बोर्ड ने नकलमुक्त परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।





