नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार मोहंती ने शनिवार को रेल मंत्रालय में रेलवे बोर्ड (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) के नए सदस्य और कार्यकारी अधिकारी का पदभार संभाल लिया है। मोहंती इससे पहले दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक थे। रेल मंत्रालय के अनुसार संजय कुमार मोहंती दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र हैं और भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 1984 बैच के अधिकारी हैं। मोहंती ने भारतीय रेलवे में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे प्रधान कार्यकारी निदेशक (यातायात परिवहन) और रेलवे बोर्ड, ईस्ट कोस्ट रेलवे में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक और मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा खुर्दा रोड डिवीजन में मंडल रेल प्रबंधक रह चुके हैं। मोहंती ने मुंबई, नागपुर, झांसी और कोंकण रेलवे में भी विभिन्न वरिष्ठ पदों पर काम किया है, जहां उन्हें प्रशासन तथा ट्रेन संचालन में विभिन्न नवाचारों के लिए सिस्टम बिल्डर के रूप में जाना जाता था। हिन्दुस्थान समाचार/सुशील




