नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। होली का त्योहार नजदीक आते ही उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। डीएम राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय इंतजाम किए गए हैं और हर संवेदनशील इलाके में पुलिस की तैनाती की गई है।
डीएम ने जनता से अपील की है कि किसी पर जबरन रंग न लगाएं और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
संभल में सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम
DM ने बताया, “संभल में होली के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है। कल मेलों का जुलूस निकाला जाएगा, जिसकी संख्या कुल 16 होगी। हमने हर मोहल्ले और गांव में शांति समिति की बैठकें आयोजित की हैं और जिला स्तर पर भी दो समितियों की बैठकें की हैं। जिले को छह जोन और 29 सेक्टर में विभाजित किया गया है, हर जोन में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। हॉटस्पॉट इलाकों में गश्त के आदेश दिए गए हैं। पीएसी बटालियन की तैनाती की गई है। 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही 100-150 अतिरिक्त कैमरे भी नगर पालिका की मदद से लगाए जाएंगे,ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।”
वहीं, SP केके विश्नोई ने जनता से अपील की है कि सभी लोग त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली का उत्सव दोपहर 2.30 बजे तक मनाया जाए और उसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोग जुम्मे की नमाज अदा करें। इससे कोई भी धार्मिक आयोजन प्रभावित नहीं होगा और समाज में शांति व सद्भाव बना रहेगा।
संभल सीओ के बयान पर विवाद
इससे पहले संभल के सीओ अनुज चौधरी के एक बयान ने शहर में राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी। उन्होंने कहा था, “जुमा साल में 52 बार आता है, होली साल में 1 बार आती है। मुस्लिम समुदाय के लोगों को यदि लगता है कि होली के रंग से उनका धर्म भ्रष्ट हो जाएगा तो उस दिन घर से न निकलें।”
सीओ के इस बयान पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने इसे सख्त प्रशासनिक रुख बताया, तो कुछ ने इसे विवादास्पद माना।
प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संभल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। पुलिस हर स्थिति पर नजर रख रही है और यदि कोई व्यक्ति उपद्रव करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संभल में होली को लेकर प्रशासन की यह तैयारियां यह सुनिश्चित करने के लिए हैं कि लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से होली का आनंद उठा सकें।




