नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। उनके बयान से नाराज करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उनके आवास पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे झड़प हो गई। इस दौरान छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।
करणी सेना के प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, झड़प में तनाव
करणी सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सांसद के घर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगा दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही झड़प में बदल गई। नाराज कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प, सांसद के घर का गेट बंद
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सांसद रामजी लाल सुमन के घर का गेट बंद करा दिया और अंदर मौजूद लोगों को वहीं रुकने की सलाह दी। सांसद के समर्थकों को भी अंदर ही रहने की हिदायत दी गई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और सांसद के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। बुलडोजर पर सवार होकर करणी सेना के पदाधिकारी और सदस्य राज्यसभा सदस्य सुमन के घर की ओर निकल लिए। आगरा- दिल्ली हाईवे पर वे आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने के कारण करणी सेना का काफिला नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर बैरियर लगाकर रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
लाठीचार्ज के बाद स्थिति काबू में, भारी पुलिस बल तैनात
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ मच गई। इस दौरान इंस्पेक्टर हरीश पर्वत समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। फिलहाल, हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है।




