नई दिल्ली/रफ्तार न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय रूस यात्रा के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत और रूस ने व्यापार, ऊर्जा, जलवायु और अनुसंधान सहित कई अन्य क्षेत्रों में 9 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान भारत में 6 न्यूक्लियर पावर प्लांट्स बनाने पर भी बातचीत हुई। रूस की परमाणु ऊर्जा एजेंसी रोसाटॉम इन न्यूक्लियर पावर प्लांट्स बनाने में भारत की मदद करेगी। इससे पहले रूसी एजेंसी कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र को स्थापित करने में भारत की मदद कर चुकी है।
रूसी सरकार 6 न्यूक्लियर पावर प्लांट बनाने में करेगी मदद
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने अपने दो दिवसीय यात्रा के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनके आधिकारिक निवास स्थान क्रेमलिन में मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने यहां पर चर्चा की और द्वीपक्षीय वार्ता में हिस्सा लिया। इस दौरान रूसी सरकार ने 6 न्यूक्लियर पावर प्लांट्स बनाने में भारत की मदद करने की पेशकश की। इसके अलावा रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष ने जहाज निर्माण, फार्मा और शिक्षा क्षेत्र में भारत के समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
वहीं दोनों देशों के बीच पेमेंट फ्लो को आसान बनाने के लिए रूस के दूसरे बड़े बैंक ने भारत के साथ बात की। रोसाटॉम ने अपने एक बयान में कहा कि भारत में रूसी डिजाइन की 6 और हाई पावर न्यूक्लियर यूनिट्स का निर्माण और कुछ छोटे परमाणु ऊर्जा संयंत्र बनाने में भारत के सहयोग करने पर हमारी बातचीत हुई है।
उत्तरी समुद्र मार्ग पर भारत-रूस कर रहे चर्चा
इसके अलावा रोसाटॉम और भारत, उत्तरी समुद्र मार्ग की ट्रांजिट क्षमता को विकसित करने पर भी चर्चा कर रहे हैं। यह समुद्री मार्ग नॉर्वे के साथ रूस की सीमा के पास स्थित मरमंस्क से पूर्व की और अलास्का के पास बेरिंग जलडमरूमध्य तक फैला हुआ है। इस सी रूट का विशेष रूप से रूसी तेल, कोयला और लिक्विड नेचुरल गैस की आपूर्ति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है।
रूस की मदद से बना है कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा प्लांट
बता दें कि कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र भारत का सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर स्टेशन है, जो तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के कुडनकुलम में स्थित है। इस पावर प्लांट का निर्माण 31 मार्च 2002 से शुरू हुआ था। इस परमाणु ऊर्जा संयंत्र से 6000 मेगावाट बिजली पैदा करने की योजना है। इस समय यह प्लांट 1000 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





