नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश बीजेपी में कुछ सही नहीं चल रहा है, यह जगजाहिर है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद इसको और भी हवा मिल गई थी। उन्होंने कहा था कि संगठन सरकार से बड़ा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बीच तकरार चल रही है।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी को समझने और उसको दूर करने की शुरुआत की
जानकारी के अनुसार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कार्यकर्ताओं की अनेदखी के कारण योगी आदित्यनाथ से नाराज चल रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश बीजेपी में चल रहे भीतरी विवाद को सुलझाने के लिए आरएसएस ने भी पहल की है। आरएसएस की इस पहल का खुलासा गुरु पूर्णिमा पर आरएसएस के गुरु-दक्षिणा कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने के बाद हुआ।
जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने आरएसएस के गुरु-दक्षिणा कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की नाराजगी को समझने और उसको दूर करने की शुरुआत की। योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने के लिए उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों के प्रभारी मंत्रियों को अपने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करने और उनकी समस्याओं को समझने के लिए कहा है।
जिससे उत्तर प्रदेश बीजेपी कमजोर न पड़ जाए
आरएसएस ने उत्तर प्रदेशबीजेपी के भीतरी विवाद को सुलझाने की पहल इसलिए की है, क्योंकि वे नहीं चाहते हैं कि कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करने के मामले का कोई नेता निजी फायदा न उठा पाए। जिससे उत्तर प्रदेश बीजेपी कमजोर न पड़ जाए। आरएसएस के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वह हिंदुत्व के एजेंडे को लागू करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
अपनी शिकायतों को सार्वजनिक न करें
यही नहीं आरएसएस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की थी, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरएसएस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने केशव प्रसाद मौर्य को आश्वासन दिया है कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को उच्च स्तर पर रखा जाएगा। आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी ने केशव प्रसाद मौर्य से आग्रह किया है कि वे अपनी शिकायतों को सार्वजनिक न करें।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





