नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि बंगाल का विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश में संपन्न हुए जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव परिणाम बताते हैं कि आम जनता भाजपा को पसंद नहीं कर रही है। टिकैत ने बुधावर को फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर कहा कि बंगाल में संयुक्त किसान मोर्चा के लोगों ने गांव-गांव जाकर केन्द्र सरकार द्वारा पारित तीनों कृषि कानूनों की सच्चाई बताई थी। जिसके बाद किसानों ने भाजपा से मुंह मोड़ना शुरु कर दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों को लेकर किसानों में विरोध है। अगर केन्द्र सरकार आंदोलन कर रहे किसानों की बात नहीं मानेगी तो किसान आंदोलन जारी रहेंगे। टिकैत ने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को करारी हार मिली है। लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में भाजपा शासन- प्रशासन का दुरुपयोग कर सकती है। ऐसे में विपक्ष को सावधान रहना चाहिए। टिकैत ने कहा कि जिस तरह से यूपी में भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा है उससे साबित होता है कि यूपी सहित देश के हजारों गांवों में भाजपा का विरोध है। ऐसे में भारत सरकार को आंदोलन कर रहे किसानों से बातचीत करना चाहिए और तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/आशुतोष




