नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीट पेपर लीक(NEET Paper Leak) मामले में अपने निजी सचिव प्रीतम कुमार का नाम सामने आने के बाद बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि अगर इस मामले में उनके निजी सचिव(सरकारी) की गलती है तो उसको गिरफ्तार कर लें, इससे उनको कोई दिक्कत नहीं है।
मेरे निजी सचिव को बुलाकर पूछताछ करें
तेजस्वी यादव ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में अपने निजी सचिव की भूमिका को लेकर कहा है कि मुख्यमंत्री PA, PS सबको बुलाएं और उनसे पूछताछ कर लें। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि EOU ने उनके निजी सचिव के लिए कुछ भी नहीं कहा है। यह तो सिर्फ उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा कह रहे हैं। तेजस्वी यादव ने बिहार के सीएम के लिए कहा कि मेरे निजी सचिव को बुलाकर पूछताछ करें।
मेरा नाम इस धांधली में जोड़ने से कुछ नहीं होगा
तेजस्वी यादव ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में उनका नाम जोड़ने को लेकर कहा कि किंगपिन(इस मामले के कर्ता धर्ता) को बचाने के लिए मामले को डाइवर्ट किया जा रहा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले के आरोपी की फोटो उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सामने आयी है। इस पर क्या बोलेंगे, बुला लें मेरे निजी सचिव को, अगर वह इस मामले में दोषी हैं तो उसे गिरफ्तार कर लें। इससे हमें कोई परेशानी नहीं है। लेकिन मेरा नाम इस धांधली में जोड़ने से कुछ नहीं होगा। इस मामले का मुख्य आरोपी अमित आनंद है उस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
निजी सचिव ने ही आरोपियों के लिए सरकारी गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराया
बताना चाहेंगे कि बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने 20 जून 2024 को नीट पेपर लीक मामले में कहा था कि तेजस्वी यादव के निजी सचिव प्रीतम कुमार ने ही आरोपियों के लिए सरकारी गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराया था। विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के निजी सचिव पर आरोप लगाया था कि उसने अपने रुतबे का गलत प्रयोग करते हुए गेस्ट हाउस के कर्मचारी पर दवाब बनाकर आरोपियों के लिए कमरा बुक करवाया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





