नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 992 से यात्रा करने वाले एक यात्री ने सोचा भी नहीं होगा कि फ्लाइट में कुछ भी न खाने पीने के कारण उसे एयरपोर्ट में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दरअसल जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI 992 दिल्ली के इंदिरा गांधी इटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई तो इस यात्री को विमान से उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार इसको इसलिए गिरफ्तार किया था, क्योंकि इसने फ्लाइट में यात्रा के दौरान खाने पीने की चीजे लेने से मना कर दिया था।
यात्री के पास से 69 लाख रुपए की कीमत का सोना मिला
यात्री ने इस फ्लाइट से सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली के इंदिरा गांधी इटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए यात्रा की थी। जब इस यात्री को दिल्ली के इंदिरा गांधी इटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया तो कस्टम विभाग को उसके पास से 69 लाख रुपए की कीमत का सोना मिला। यात्री इस सोने की तस्करी करने की कोशिश में था।
दिल्ली IGI पर लैंड होने के बाद यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया
दरअसल इस यात्री की गतिविधियों पर एक फ्लाइट अटेंडेंट को शक हो गया था। फ्लाइट अटेंडेंट ने विमान की साढ़े पांच घंटे की उड़ान के दौरान सभी यात्रियों को रिफ्रेशमेंट(खाने पीने की चीजें) दी, लेकिन इस यात्री ने इस दौरान किसी भी तरह की खाने पीने की चीजे लेने से मना कर दिया था। उसने फ्लाइट अटेंडेंट से किसी भी तरह की खाने पीने की चीज लेने से मना कर दिया था। जिसके बाद फ्लाइट अटेंडेंट ने यात्री की इस हरकत की शिकायत कैप्टन को कर दी। कैप्टन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यात्री की इस हरकत की शिकायत एयर ट्रैफिक कंट्रोल के माध्यम से सुरक्षा एजेंसियों को कर दी थी। जिसके बाद फ्लाइट के दिल्ली इंदिरा गांधी इटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
ज्वाइंट कमिश्नर (कस्टम्स) मोनिका यादव ने जानकारी दी
जब यह यात्री इंदिरा गांधी इटरनेशनल एयरपोर्ट पर ग्रीन कस्टम्स क्लीयरेंस चैनल से गुजरने का प्रयास कर रहा था तो कस्टम की टीम ने उसे पूछताछ के लिए रोका तो वह ज्यादा देर तक सच छुपा नहीं सका। यात्री ने कबूल कर लिया था कि उसने अपने मलाशय में सोना छुपा रखा है। जब उसको चेकिंग के लिए लेकर गए तो उसके मलाशय से चार अंडाकार कैप्सूल निकले, जिसमे से 69 लाख रुपये की कीमत का सोना बरामद हुआ।
ज्वाइंट कमिश्नर (कस्टम्स) मोनिका यादव ने जानकारी दी कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI 992 से एक यात्री के पास से 1096.76 ग्राम सोना बरामद किया गया है। यात्री ने सोने की तस्करी की बात को कबूल कर लिया है। उसको कस्टम एक्ट से संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। ज्वाइंट कमिश्नर (कस्टम्स) मोनिका यादव ने कहा है कि उन्होंने केबिन क्रू को निर्देश दे रखा है कि अगर यात्री फ्लाइट में लंबी उड़ानों के दौरान खाने पीने की चीजे लेने से इनकार करते हैं तो उसकी सूचना हमारी कस्टम की टीम को दें। ताकि इस तरह के तस्करों को पकड़ा जाए।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





