– दरगाह पर आने वाले जायरीन को करना होगा कोविड-19 प्रोट्रोकाल का पालन अजमेर, 28 जून (हि.स.)। महान सूफी संत हजरत ख्वाजा गरीब नवाज़ की दरगाह शरीफ़ राज्य सरकार के जरिए जारी ताज़ा गाइड लाइन के अनुसार आज सुबह 5 बजे से खोल दी गई है। पहले दिन जायरीन के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अल-सुबह ही दरगाह शरीफ़ पहुंचे और अपनी अकीदत का नजराना पेश किया। दरगाह पर आने वाले जायरीन कोरोना प्रोट्रोकॉल को लेकर पहले के मुकाबले कॉफी जागरूक नजर आए। जहां सभी ने चेहरों पर मास्क लगाए रखा था वहीं सोशल डिस्टेंसिग और सेनिटाइजेशन व तापमान चेक कराने के दौरान भी सहयोग करते नजर आए। दरगाह गरीब नवाज पर आने वाले जायरीन की सुविधा के लिए पूर्व की भांति निज़ाम गेट के साथ गेट नम्बर 2, 3, 4, 5 और 10 खोला गया है। इस मौके पर दरगाह कमेटी की तरफ से आमजन से यह अपील की जा रही है कि स्वयं सुरक्षित रहें और यहां आने वालों को भी सुरक्षित रखें। कोविड-19 के प्रोट्रोकॉल की पालना करें और वैक्सीनेशन करवाएं क्योंकि जान है तो जहान है। दरगाह शरीफ़ खोले जाने से पहले दरगाह कमेटी ने दरगाह शरीफ़ को पूरी तरह से सैनिटाईज़ करवाया है। सोशल डिस्टेंसिग का पालन कराने को लेकर गोले बनाए गए हैं। समस्त प्रवेश द्वारों पर कर्मचारियों को नियुक्त करते हुए शरीर का तापमान जांचने और हाथों को सैनिटाईज करवाने की व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही जायरीन को महामारी से बचाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जगह-जगह पर बोर्ड पर लिख कर लगाये गए हैं। अशफाक हुसैन नाजिम (प्रशासक) दरगाह कमेटी ने कहा है कि दरगाह खुलने के लिए बहुत से लोग आस लगाए बैठे थे। प्रशासन ने हमें अनुमति दे दी है और हमने सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए जायरीन के लिए दरगाह को खोल दिया है। हम यहां आने वाले जायरीन से यह अपेक्षा करते हैं कि वह इसका पूरी तरह से पालन करेंगे। उनका कहना है कि तीसरी लहर आने वाली है और हमें इसको आने से रोकना है। गाइडलाइंस और समझदारी से हमें यहां पर आकर इबादत करनी है और अपने साथ-साथ सभी की जिंदगियां को बचाने का प्रयास करना है। हिन्दुस्थान समाचार/एम ओवैस




