नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में तेज बारिश और आंधी-तूफान ने गर्मी के तेवर कुछ हद तक ढीले कर दिए हैं। बारिश से लोगों को तपती धूप और उमस से राहत मिली है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, आज शुक्रवार से बारिश का सिलसिला और तेज हो सकता है। अनुमान है कि 28 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने 68 जिलों में आंधी और झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के दोनों ही संभागों में आज गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख और अधिक सक्रिय होने वाला है। विभाग का अनुमान है कि यहां कल से बारिश की तीव्रता और बढ़ जाएगी, जिससे क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। पूरे प्रदेश में 28 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होती रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
बारिश से उत्तर प्रदेश में गर्मी से मिली राहत
बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिली है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते कई जिलों में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं और वातावरण सुहावना हो गया है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का प्रकोप कुछ कम हुआ है। हालांकि, झांसी में अब भी सबसे अधिक गर्मी महसूस की गई, यहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा, उरई, आगरा और हमीरपुर जैसे जिले भी गर्म जिलों की सूची में शामिल रहे, जहां तापमान तुलनात्मक रूप से अधिक रहा।
यूपी के इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, जौनपुर, संत रविदास नगर, आजमगढ़ और वाराणसी शामिल हैं।
इसके अलावा सोनभद्र, चंदौली, गाज़ीपुर, बलिया, मीरजापुर, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में कई जगहों पर गरज चमक के साथ झमाझम बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया है।





