नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कई बार जिंदगी इंसान को उस रास्ते पर ले जाती है जिसकी उसने कल्पना तक नहीं की होती। कुछ ऐसा ही हुआ सुगंधा मिश्रा के साथ। जो म्यूजिक की दुनिया में अपना नाम बनाने आई थीं, लेकिन पहचान मिली उन्हें कॉमेडी की दुनिया से। सुगंधा ने अपने करियर की शुरुआत एक सिंगर के तौर पर की थी। उन्हें संगीत से बेहद लगाव था और उन्होंने प्रोफेशनली उसी दिशा में कदम भी बढ़ाए। लेकिन वक्त के साथ धीरे-धीरे वो कॉमेडियन बन गईं।
सुगंधा ने धीरे-धीरे स्टेज परफॉर्मेंस और कॉमेडी शोज में काम करना शुरू किया और दर्शकों ने उनके अंदाज को खूब पसंद किया। आज वो भारत की चर्चित महिला कॉमेडियनों में से एक हैं। उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर आज भी उनकी संगीत प्रतिभा की झलक मिलती है, जहां आप उनकी गायिका का हुनर देख सकते हैं। सुगंधा मिश्रा मूल रूप से पंजाब के जालंधर की रहने वाली हैं और वे मुंबई एक सिंगिंग कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए आई थीं। हालांकि शुरुआत उन्होंने गायन से की थी, लेकिन वक्त के साथ उन्होंने मेहनत की और कॉमेडी की दुनिया में अपनी खास पहचान बना ली। आइए जानते हैं सुगंधा मिश्रा से जुड़ी कुछ दिलचस्प और खास बातें।
सुगंधा मिश्रा का पारिवारिक बैकग्राउंड
23 मई 1988 को पंजाब के जालंधर में जन्मीं सुगंधा मिश्रा एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता का नाम संतोष मिश्रा और माता का नाम सविता मिश्रा है। सुगंधा ने अपनी पढ़ाई गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से पूरी की और यहीं से उन्होंने संगीत की शिक्षा भी प्राप्त की। बचपन से ही उनका सपना एक सिंगर बनने का था, और मात्र 14 वर्ष की उम्र में उन्होंने गाना शुरू कर दिया था। संगीत की प्रारंभिक शिक्षा उन्हें उनके दादा जी, पंडित शंकर लाल मिश्रा से मिली थी। सुगंधा ने अपने मराठी को-स्टार और कॉमेडियन संकेत भोसले से वर्ष 2021 में विवाह किया। वर्ष 2023 में उनके घर एक बेटी ने जन्म लिया। आज सुगंधा एक खुशहाल वैवाहिक जीवन बिता रही हैं।
सुगंधा मिश्रा का शुरुआती करियर
सुगंधा मिश्रा ने अपने करियर की शुरुआत बिग एफएम में एक रेडियो जॉकी के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने कई जिंगल्स, भजन, और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के लिए गीत गाए। इसके अलावा, उन्होंने कुछ शॉर्ट फिल्मों में भी अपनी आवाज दी। उन्हें असली पहचान तब मिली जब वे ‘सा रे गा मा सिंगिंग सुपरस्टार’ में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आईं। हालांकि वे टॉप-3 में पहुंचीं, लेकिन शो जीत नहीं सकीं।
हार मानने की बजाय, सुगंधा ने इंडस्ट्री में बने रहने का फैसला किया। उन्होंने कुछ टीवी शोज होस्ट किए और बाद में उन्हें ‘बालवीर’, ‘द कपिल शर्मा शो’, और ‘द ड्रामा कंपनी’ जैसे पॉपुलर कॉमेडी शोज में काम करने का मौका मिला, जहां उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की। इन्हीं कॉमेडी शोज के दौरान सुगंधा की मुलाकात संकेत भोसले से हुई, जो बाद में उनकी लव स्टोरी और फिर शादी में बदल गई।





