नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारतीय रेलवे ने छठ पूजा को लेकर कई तरह की तैयारियां की हैं। छठ पूजा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाकर यात्रियों को राहत देने का काम किया। अब छठ पूजा के बाद रेलवे ने बिहार से दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों के लिए पंडाल बनाया है। जिसमे रेल यात्रियों के बैठने से लेकर खाने -पीने की व्यवस्था भी की जाएगी, इससे भीड़ भाड़ से भी राहत मिलेगी। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, समस्तीपुर रेलमंडल के डीआरएम विनय श्रीवास्तव के निर्देश पर ही ये सभी व्यवस्था समस्तीपुर स्टेशन दरभंगा और सहरसा स्टेशन सहित कई स्टेशनों पर की गई है। पूर्व मध्य रेलवे के जीएम छत्रसाल सिंह ने पटना सहरसा दरभंगा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर इन सभी सुविधाओं का जायजा लिया।
“पंडाल में रेल यात्रियों को मुफ्त में नाश्ते का पैकेट भी बांटा जाएगा”
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने छठ पूजा के बाद रेल यात्रियों के वापस दूसरे राज्यों में लौटने को लेकर की जा रही व्यवस्था का जायजा लेने के बाद कहा कि पूर्व मध्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखते हुए सस्ते दर पर रेल यात्रियों को खाना मुहैया कराया जाएगा। रेल यात्रियों को मुफ्त में मिनरल वाटर भी दिया जाएगा। उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि इसके अलावा सामाजिक संगठनो द्वारा पंडाल में रेल यात्रियों को मुफ्त में नाश्ते का पैकेट भी बांटा जाएगा।
सभी ट्रेनों की CCTV के जरिए निगरानी रखी जाएगी
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि रेल यात्रियों को राहत देने के लिए 8 नवंबर 2024 से 22 नवंबर 2024 तक अतिरिक्त छठ पूजा ट्रेने चलती रहेगी। इन सभी ट्रेनों की सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। छत्रसाल सिंह ने आगे कहा कि अगर इसके बाद भी रेल यात्रियों की ज्यादा भीड़ हुई तो अलग से स्पेशल ट्रेन को उसी दिन चलाया जाएगा।





