नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई है। हमलावरों ने निहत्थे और मासूम सैलानियों को निशाना बनाया, जिससे पूरे देश में गुस्से और दुख की लहर है।
राहुल गांधी ने की अमित शाह और उमर अब्दुल्ला से बातचीत
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस हमले पर चिंता जताते हुए गृहमंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय और हरसंभव मदद मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी इस मुश्किल समय में पीड़ितों के साथ खड़ी है।
पीएम मोदी ने सऊदी दौरा बीच में छोड़ा, दिल्ली लौटे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर तुरंत भारत लौटने का फैसला लिया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर NSA प्रमुख अजीत डोभाल ने उन्हें हमले की पूरी जानकारी दी। इसके बाद पीएम मोदी ने विदेश मंत्री और डोभाल के साथ एक हाई लेवल मीटिंग भी की।
CCS मीटिंग और सख्त रुख
दिल्ली में कैबिनेट की सुरक्षा समिति (CCS) की बैठक बुलाई गई है। इसमें इस हमले पर कड़ा जवाब देने को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पीएम मोदी ने साफ कहा है कि “आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकती।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गृह मंत्री से फोन पर बात की और कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि सभी राजनीतिक दलों से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। इस हमले के बाद कई पर्यटक अपनी यात्रा रद्द कर लौटने लगे हैं। कश्मीर की बड़ी आबादी पर्यटन पर निर्भर है, इसलिए इस घटना से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर सीधा असर पड़ा है। सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है और NIA की टीम भी जांच में जुट गई है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। खबर है कि हिंदू सैलानियों को खास तौर पर निशाना बनाया गया। सेना और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं और हमले से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं।





