नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार 8 अगस्त 2025 को बेंगलुरु में वोट अधिकार रैली में चुनाव आयोग और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में वोट की चोरी हो रही है, और यह सीधे संविधान के साथ धोखा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर की जा रही हैं और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी से चुनाव नतीजे प्रभावित हो रहे हैं।
राहुल का तंज- मोदी सिर्फ 25 सीटों से प्रधानमंत्री बने
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा हमला करते हुए कहा कि वे केवल 25 सीटों की असली बढ़त से पीएम बने हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में जो हेरफेर हुआ, उसकी वजह से बीजेपी को कई सीटों पर फर्जी तरीके से जीत मिली।
‘जहां नए वोटर आए, वहां BJP जीती’
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के कुछ महीने बाद ही हुए विधानसभा चुनाव में 1 करोड़ नए वोटर आ गए। ये सारे नए वोटर सिर्फ उन्हीं क्षेत्रों में दिखे जहां बीजेपी ने जीत दर्ज की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जितने वोट लोकसभा में मिले थे, उतने ही विधानसभा में भी मिले, लेकिन बीजेपी को अचानक जादू से और ज्यादा वोट मिल गए। राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान हर नागरिक को वोट का अधिकार देता है। लेकिन अब इस अधिकार को छीना जा रहा है।
गांधी, नेहरू और पटेल की जो आवाज इस संविधान में है, उसे दबाने की कोशिश की जा रही है। वक्त बदलेगा तो इस वोट चोरी की सजा जरूर मिलेगी।
चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
राहुल ने कहा कि जब हमने चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट की सॉफ्ट कॉपी मांगी, तो मना कर दिया गया। हमने वीडियोग्राफी की मांग की, उसे भी ठुकरा दिया गया। पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो गई है। उन्होंने EC पर निष्पक्ष न होने का आरोप लगाया और कहा कि यह देश के लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
कर्नाटक में भी हुआ वोट का खेल?
राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की पोलिंग 15-16 सीटें दिखा रही थी, लेकिन नतीजों में पार्टी को सिर्फ 9 सीटें मिलीं। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि “दाल में जरूर कुछ काला है। राहुल गांधी के इन आरोपों से भारतीय चुनाव व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अब यह देखना होगा कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है और क्या कोई जांच या सुधार की प्रक्रिया शुरू होती है।





