नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ रेप और हत्या मामले में अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे संबंधित पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि इस वीभत्स घटना से पूरा देश स्तब्ध है।
राहुल ने एक्स पर लिखा, “कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई रेप और मर्डर की वीभत्स घटना से पूरा देश स्तब्ध है। उसके साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य की परत दर परत जिस तरह खुल कर सामने आ रही है, उससे डॉक्टर्स कम्युनिटी और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है।
पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों को बचाने की कोशिश अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।” मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर्स सेफ नहीं हैं
उन्होंने आगे लिखा, “इस घटना ने सोचने पर मजबूर कर दिया है कि अगर मेडिकल कॉलेज जैसी जगह पर डॉक्टर्स सेफ नहीं हैं तो किस भरोसे अभिभावक अपनी बेटियों को पढ़ने बाहर भेजें? निर्भया केस के बाद बने कठोर क़ानून भी ऐसे अपराधों को रोक पाने में असफल क्यों हैं?
हाथरस से उन्नाव, और कठुआ से लेकर कोलकाता तक महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ती घटनाओं पर हर दल, हर वर्ग को मिलकर गंभीर विचार-विमर्श कर ठोस उपाय करने होंगे।”
इस असहनीय कष्ट में पीड़िता के परिवार के साथ हूं: राहुल गांधी
राहुल ने लिखा, “मैं इस असहनीय कष्ट में पीड़िता के परिवार के साथ खड़ा हूँ। उन्हें हर हाल में न्याय मिले और दोषियों को ऐसी सज़ा मिले जो समाज में एक नजीर की तरह प्रस्तुत की जाए।”
उल्लेखनीय है कि कोलकाता के RG kar कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या का मामला सामने आया है। ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए रेप और मर्डर के मामले में आरोपी संजय रॉय को लेकर पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस ने बताया कि संजय रॉय ने 4 शादियां की थीं, लेकिन उसकी तीन पत्नियां उसके अत्याचारों से परेशान होकर उसे छोड़ चुकी थीं। उसने सिर्फ पत्नियों को ही नहीं, बल्कि अपनी मां और बहन के साथ भी हिंसा की।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in




