नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 34वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर उनके बेटे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए पिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पिता को याद करते हुए लिखा, “पापा, आपकी यादें हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन करती हैं। आपके अधूरे सपनों को साकार करना ही मेरा संकल्प है, और मैं इन्हें पूरा करके रहूंगा। राहुल गांधी ने इस पोस्ट के साथ दो तस्वीरें भी साझा की हैं। इनमें एक पुरानी तस्वीर में राजीव गांधी बेटे राहुल के कंधे पर हाथ रखे दिखाई दे रहे हैं। यह तस्वीर उन पलों की याद दिलाती है, जब पिता और बेटे ने साथ समय बिताया था।
राजीव गांधी की शहादत को देश ने किया याद
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी। उनकी पुण्यतिथि पर कई बड़े नेताओं और नागरिकों ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व पीएम को याद करते हुए एक्स पर लिखा- “आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने किया योगदान को याद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए एक वीडियो शेयर किया और लिखा,“राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मतदान की आयु घटाकर 18 वर्ष की, पंचायती राज को सशक्त किया, कंप्यूटर और आईटी क्रांति की शुरुआत की और नई शिक्षा नीति लागू की। राजीव गांधी महज 40 साल की उम्र में देश के प्रधानमंत्री बन गए थे। वे 31 अक्टूबर 1984 से 2 दिसंबर 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। राजीव गांधी पेशे से पायलट थे, लेकिन इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजनीति में आकर उन्होंने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उन्हें भारत में कंप्यूटर क्रांति का जनक भी कहा जाता है। राजीव गांधी को देश में आधुनिक भारत का निर्माता, युवाओं के सशक्तिकरण के समर्थक और तकनीकी क्रांति के अग्रदूत के रूप में याद किया जाता है। आज उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में लोग उन्हें श्रद्धा और सम्मान से याद कर रहे हैं।




