नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आज विजिलेंस टीम ने विधायक अरोड़ा के जालंधर स्थित घर पर छापा मारा था। सर्चिंग के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक पर कुछ अधिकारियों से मिलकर आम लोगों को ठगने के गंभीर आरोप हैं।
दरअसल, विजिलेंस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आप के विधायक रमन अरोड़ा पर जनता से धोखाधड़ी कर मोटी करम कमाने का आरोप लगा है। रमन अरोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर आम लोगों को झूठे नोटिस भिजवाए, जिससे उनसे अवैध रूप से पैसे वसूले। यह पूरा मामला जालंधर नगर निगम से जुड़ा है और रमन अरोड़ा की भूमिका संदिग्ध है। मामले में तालाशी के बाद विधायक को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीएम मान बोले- करप्शन बर्दाश्त नहीं
रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की भी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार और धांधली को लेकर हमारी नीति बिल्कुल साफ़ है। चाहे कोई अपना हो या पराया, कोई भी किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार करेगा तो उसे सजा मिलेगी। उस पर कार्रवाई जरुर करेंगे।
आम आदमी पार्टी का रिएक्शन
विधायक रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी को आम आदमी पार्टी से सही बताया है। पार्टी ने X पर पोस्ट कर कार्रवाई को सही ठहराया और कहा कि भगवंत मान सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई। कानून से बड़ा कोई नहीं है। चाहे वह AAP में ही क्यों न हो। फर्जी नगर निगम नोटिस, वसूली और डिजिटल घोटालों में विधायक रमन अरोड़ा पर विजिलेंस की छापेमारी। यही है असली जवाबदेही।
कौन हैं विधायक रमन अरोड़ा?
54 वर्षीय रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से आम के विधायक हैं और AAP सरकार में रमन एक बड़ा चेहरा माने जाते हैं। हाल ही में राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली थी, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा था कि उन्हें इस फैसले की कोई जानकारी नहीं दी गई। रमन अरोड़ा के पास पहले 14 गनमैन की सुरक्षा टीम तैनात थी।




