नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के Palestine लिखे बैग को लेकर तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। जहां भारतीय जनता पार्टी ने इसको लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा को घेरने की कोशिश की है। वहीं पाकिस्तान ने वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की जमकर तारीफ की है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने प्रियंका गांधी वाड्रा के इस फैसले को साहसिक बताया। उन्होंने कहा है कि इतनी हिम्मत तो पाकिस्तान की संसद में कोई भी नहीं दिखा सका है। दरअसल, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा 16 दिसंबर 2024 को फिलिस्तीन लिखा बैग लेकर संसद पहुंची थीं। जिसको लेकर अब देश में सियासी बयानबाजी का दौर शुरू हो चुका है।
पाकिस्तान सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने एक्स पर लिखा
पाकिस्तान सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जवाहरलाल नेहरू की पोती ने बहुत ही साहसिक कार्य किया है। प्रियंका गांधी ने बौनों के बीच में अपना कद ऊंचा किया है। शर्म की बात यह है कि इस तरह की हिम्मत अभी तक किसी भी पाकिस्तानी सांसद ने नहीं दिखाई है। धन्यवाद।
BJP में उठाए सवाल
भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने इसपर अपनी हैरानी जताई है और उन्होंने कहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा ऐसा करके क्या संदेश देना चाहती थी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अभी तक बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार पर एक शब्द भी नहीं बोला है, लेकिन वह फिलिस्तीन लिखा बैग के साथ एक फैशन स्टेटमेंट बनाना चाहती हैं। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसपर पलटवार करते हुए कहा है कि मोदी सरकार को बांग्लादेश सरकार से बात कर हिंदुओ पर हो रहे अत्याचारों को रोकना चाहिए।
वहीं बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसको लेकर कहा था कि यह गांधी परिवार के सदस्यों के लिए कोई नई बात नहीं है। जवाहर लाल नेहरू से लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा तक गांधी परिवार के सदस्य तुष्टिकरण का बैग लेकर घूमते हैं। इन लोगों ने कभी भी अपने कंधों पर देशभक्ति का बैग नहीं टांगा है, यही इन लोगों की हार की बड़ी वजह है।





