नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है और उन्हें ‘गद्दार’ बताया है। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और उनके बयान देशहित के खिलाफ हैं। वे देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर भारत की छवि खराब करने की कोशिश की है। बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी से देश की एकता और अखंडता को खतरा हो सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी का रवैया हमेशा देश की अखंडता और सुरक्षा के खिलाफ रहा है, अगर राहुल गांधी ने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई होती तो वे ऐसे विवादित बयान नहीं देते। इन आरोपों पर अभी तक कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इतना तय है कि बीजेपी का यह हमला राहुल गांधी के लिए नया विवाद खड़ा कर सकता है।
भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दल संसद में अडानी मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश करने के बहाने ये ताकतें भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं । संबित पात्रा ने कहा कि विपक्ष भारत के शेयर बाजार और कारोबारियों को निशाना बना रहा है और इसके पीछे कुछ ताकतें हैं जो भारत को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गांधी परिवार एक ऐसा परिवार है जो कुर्सी के लिए देश को भी बेचना पड़े, देश का बलिदान देना पड़े तो इससे वे गुरेज नहीं करेंगे। राहुल अपने फायदे के लिए देश को बेच सकते हैं।
“जॉर्ज सोरोस के साथ मिलकर भारत विरोधी प्रचार कर रहे हैं राहुल”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद में देश की एकता और संप्रभुता के खिलाफ बयान देने से बचना चाहिए। संबित पात्रा ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस के साथ मिलकर भारत विरोधी प्रचार कर रहे हैंl उन्होंने कहा कि ओपन सोसाइटी फाउंडेशन से वित्त पोषित जॉर्ज सोरोस भारत में प्रोपेगेंडा फैलाने में लगे हुए हैं, यह मामला गंभीर है, क्योंकि यह देश की एकता और संप्रभुता से जुड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फ्रांसीसी मीडिया ने इसका खुलासा किया है और राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस के प्रभाव में काम कर रहे हैं।
इससे पहले विपक्षी सांसदों ने अडानी मुद्दे पर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। कांग्रेस सांसदों ने ‘मोदी अडानी एक है’ लिखी जैकेट पहनकर विरोध जताया। विपक्ष ने इस मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से कराने की मांग की है, लेकिन सरकार इस पर चर्चा करने को तैयार नहीं है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार देश के सबसे बड़े मुद्दे भ्रष्टाचार पर चर्चा करने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडाणी के खिलाफ उठाए गए मुद्दों को दबाने की कोशिश की जा रही है और सदन उन पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है।




