नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शनिवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर दोपहर 12 बजे ‘स्वामित्व’ योजना के तहत ई-संपत्ति कार्ड के वितरण का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर 4.09 लाख संपत्ति मालिकों को उनके ई-प्रॉपर्टी कार्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही देशभर में ‘स्वामित्व’ योजना की शुरुआत हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2021 भी प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2021 को निम्नलिखित श्रेणियों के तहत सम्मानित किया जा रहा है: दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार (224 पंचायतों को), नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार (30 ग्राम पंचायतों को), ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार (29 लाख), बाल अनुकूल ग्राम पंचायत पुरस्कार (30 ग्राम पंचायतों को) और ई-पंचायत पुरस्कार (12 राज्यों को)। प्रधानमंत्री एक बटन के क्लिक के माध्यम से 5 लाख से 50 लाख तक की पुरस्कार राशि (अनुदान के रूप में) को हस्तांतरित करेंगे। यह राशि वास्तविक समय में संबंधित पंचायतों के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। ऐसा पहली बार किया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/अनूप




