नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। यौन शोषण और अश्लील वीडियो के मामले में आरोपी जनता दल सेक्युलर (JDS) के नेता प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज रेवन्ना ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक के हासन में एक व्यक्ति के द्वारा उन्हें धमकी दी जा रही है। सूरज ने कहा है कि एक व्यक्ति के द्वारा उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं और पैसे नहीं देने पर उन्हें झूठे यौन उत्पीड़न के केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में सूरज रवन्ना के दोस्त शिवकुमार ने 2 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
इस संबंध में शिवकुमार (सूरज रेवन्ना के दोस्त) ने आरोप लगाया कि आरोपी चेतन और उसके बहनोई ने उनसे संपर्क किया और 5 करोड़ रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन शोषण का केस दर्ज कराने की धमकी दी।
आरोपी सूरज को कर रहा ब्लैकमेल- शिवकुमार
शिवकुमार ने शिकायत में आगे बताया कि आरोपी चेतन ने सबसे पहले उनसे नौकरी के सिलसिले में संपर्क किया। जिसके बाद उन्होंने चेतन को सूरज रेवन्ना का नंबर दे दिया और सूरज से संपर्क करने के लिए कहा। लेकिन नौकरी नहीं मिलने पर चेतन ने सूरज को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
सूरज रेवन्ना पर यौन शोषण का आरोप
गौरतलब है कि मामला दर्ज होने के तुरंत बाद सूरज को धमकी देने के मामले में आरोपी चेतन एक निजी चैनल पर दिखाई दिए और उन्होंने सूरज रेवन्ना पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने बताया कि सूरज रेवन्ना ने एक फार्म हाउस में उनका यौन शोषण किया था। चेतन ने आगे बताया कि ये घटना प्रज्वल रेवन्ना को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के कुछ दिनों बाद की है।
प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं के साथ यौन शोषण करने का आरोप
बता दें कि पूर्व पीएम और जेडीएस सुप्रीमो एच डी देवेगौड़ा के 33 वर्षीय पोते प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं के साथ यौन शोषण करने और उनकी अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगा है। ये मामले तब सामने आए जब 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हासन में प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े वीडियो वाले पेन ड्राइव जगह जगह फेंक दिये गए। जिसके बाद मामला आम लोगों के सामने आ गया और लोगों ने पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। मामला सामने आने के बाद जेडीएस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।
इसके अलावा प्रज्वल रेवन्ना के पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ भी एक महिला ने कथित रूप से अपहरण करने का आरोप लगाया था। महिला ने बताया था कि उसके साथ दोनों ने (प्रज्वल और उसके पिता एचडी रेवन्ना ) ने रेप किया था। जिसके बाद एचडी रेवन्ना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि कोर्ट ने 14 मई को एचडी रेवन्ना को जमानत दे दिया था।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





