बाड़मेर, 26 जून (हि.स.)। पाकिस्तान पल्स पोलियो मुक्त नहीं हो पाया जिसकी सजा आज भी हिन्दुस्तान को भुगतनी पड़ रही है। पड़ोसी मुल्क होने के चलते भारत के कुछ जिले जो कि पाकिस्तान से लगते हैं वहां विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से विशेष अभियान चलाया जाता है। यह अभियान राजस्थान के 4 जिलों में रविवार को चलाया जाएगा। बॉर्डर के बाड़मेर जिले में रविवार को पल्स पोलियो के लिए विशेष खुराक पिलाई जाएगी। यह अभियान 3 दिन तक चलेगा। अभियान के तहत 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। भारत; वर्ष 2014 में ही पल्स पोलियो मुक्त हो गया था लेकिन पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में पोलियो के कई केस सामने आने लगे हैं। इसके बाद से ही लगातार डब्ल्यूएचओ की ओर से राजस्थान के बाड़मेर जिले में विशेष अभियान चलाया जाता है। इसमें पूरे जिले के 5 साल तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाती है। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रीति मोहिंदर सिंह के मुताबिक उप राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को बाड़मेर जिले में पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान में 119 केंद्रों पर 27 जून को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। 28 एवं 29 जून को 400 टीमें घर-घर जाकर पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




