कोलकाता, 20 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली होने वाली है। इसे लेकर शुक्रवार रात से ही सभा स्थल पर भारी भीड़ जुटने लगी थी। क्षेत्र के बीएनआर मैदान में प्रधानमंत्री की शनिवार को होने वाली जनसभा के लिए एक सप्ताह पहले से ही तैयारियां चल रही थीं। प्रदेश भाजपा के मुताबिक, सुबह साढ़े 10 बजे प्रधानमंत्री हवाई मार्ग से कोलकाता पहुंचेंगे। यहां से वे खड़गपुर के लिए रवाना होंगे। बताया गया है सभा में 11 बजे से प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन शुरू होगा। इसके पहले अभी 18 मार्च को ही प्रधानमंत्री बंगाल आए थे और यहां परिवर्तन का आह्वान करते हुए ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। खड़गपुर हिंदी भाषी बहुल क्षेत्र है और लोकसभा चुनाव तथा 2016 के विधानसभा चुनाव में भी यहां भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिली थी। साल 2016 के विधानसभा चुनाव में खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष को जीत मिली थी। उसके बाद से ही भारतीय जनता पार्टी यहां मजबूत होकर उभरी है। फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को यहां जीत मिली और अब इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए भी लोगों में भाजपा के प्रति उत्साह देखा जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/ प्रभात ओझा




