नई दि्ल्ली,रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में वन्यजीव बचाव, पुनर्वास और संरक्षण केंद्र “वनतारा” का उद्घाटन किया। यह केंद्र 2,000 से अधिक प्रजातियों और 1.5 लाख से ज्यादा रेस्क्यू किए गए संकटग्रस्त जानवरों का घर है। इस मौके पर पीएम मोदी ने शेर के बच्चों के साथ समय बिताया, उन्हें गोद में उठाया और दूध भी पिलाया।
शेर के शावकों के साथ खेलते दिखे पीएम मोदी
वनतारा में पीएम मोदी एशियाई शेर, सफेद शेर, क्लाउडेड लेपर्ड और कैराकल समेत अन्य वन्यजीवों के करीब पहुंचे। उन्होंने सफेद शेर के एक शावक को दूध पिलाया, जिसका जन्म इसी केंद्र में हुआ था। इस शावक की मां को कुछ समय पहले रेस्क्यू कर यहां लाया गया था। पीएम मोदी ने वन्यजीव अस्पताल का भी दौरा किया, जहां आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने MRI, CT स्कैन, ICU, एनेस्थीसिया, कार्डियोलॉजी और एंडोस्कोपी जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान वे MRI रूम में पहुंचे, जहां एक एशियाई शेर का MRI किया जा रहा था। उन्होंने ऑपरेशन थियेटर में एक घायल तेंदुए की सर्जरी होते हुए भी देखा। यह तेंदुआ सड़क हादसे में घायल हो गया था।
शेर और तेंदुए के पास जाकर बैठ गए पीएम मोदी
वनतारा भ्रमण के दौरान पीएम मोदी शेरों और तेंदुओं के पास भी पहुंचे। उन्होंने कांच की दीवार के दूसरी तरफ बैठे शेरों को नजदीक से देखा और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान पीएम मोदी ने चाय भी पी। पीएम मोदी ने वनतारा में स्थित “धीरूभाई अंबानी रिसर्च लैब” का निरीक्षण किया। इसके बाद वे गैंडों को फल खिलाने पहुंचे और जिराफ को भी खाना दिया। उन्होंने पक्षियों के वार्ड में जाकर विभिन्न दुर्लभ पक्षियों को करीब से देखा। वनतारा केंद्र वन्यजीवों के बचाव, पुनर्वास और इलाज के लिए एक बड़ा प्रयास है। यहां घायल और संकटग्रस्त वन्यजीवों को इलाज और देखभाल मिलती है। पीएम मोदी का यह दौरा वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




