नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन योजनाओं में दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसी परियोजनाएँ शामिल हैं। राष्ट्रीय संचार ढांचे को मज़बूत करते हुए, पीएम मोदी ने लगभग 37,000 करोड़ रुपये की लागत से बने 97,500 मोबाइल 4G टावरों का लोकार्पण भी किया।
कांग्रेस पर PM मोदी का निशाना
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “कांग्रेस को मुझे भांति-भांति की गालियां देने की आदत पड़ गई है। जब हमने जीएसटी की दरें कम कीं, तो पूरे देश में दाम घटे, लेकिन कांग्रेस ने आम जनता को यह राहत नहीं दी। यहां तक कि जब हमने डीजल-पेट्रोल सस्ते किए, तब कांग्रेस शासित राज्यों ने टैक्स बढ़ाकर दाम वही रखे और अपनी तिजोरी भरते रहे।
दोगुनी बचत और कमाई का दौर
मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के समय हालात खराब थे। अब भाजपा सरकार में दोगुनी बचत और दोगुनी कमाई का दौर आ गया है। पहले कर्मचारियों, व्यापारियों और कारोबारियों को 2 लाख रुपये तक की वार्षिक कमाई पर भी टैक्स देना पड़ता था, लेकिन आज उन्हें 12 लाख रुपये तक की आय पर एक रुपये का भी टैक्स नहीं देना पड़ता। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब हर चीज़ में आत्मनिर्भर बनेगा। चिप से लेकर जहाज़ तक सब भारत में बनेगा। पारादीप से झारसुगुड़ा तक विशाल औद्योगिक क्षेत्र बनाया जा रहा है। जहाज निर्माण के लिए 70 हजार करोड़ रुपये का पैकेज मंज़ूर किया गया है, जिससे 4.5 लाख करोड़ का निवेश आएगा और लाखों रोज़गार पैदा होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएँ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। हमारी सरकार अब तक 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर दे चुकी है। आज ओडिशा के 50,000 परिवारों को घर की स्वीकृति दी गई है। मोदी ने कहा, “डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान आपने ‘विकसित ओडिशा’ का संकल्प लिया था। आज ओडिशा डबल इंजन की सरकार की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। हज़ारों करोड़ की परियोजनाएँ शुरू हो चुकी हैं। साथ ही आज से BSNL की स्वदेशी 4G सेवा का भी शुभारंभ हुआ है। पीएम मोदी का दौरा ओडिशा के लिए बड़े विकास पैकेज और नई योजनाओं का संदेश लेकर आया है, जिसमें गरीबों के घर से लेकर युवाओं की नौकरियों तक, हर वर्ग को फायदा मिलने का दावा किया गया है।





