नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर दौरे पर आज एक ऐतिहासिक प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे चिनाब ब्रिज का उद्घाटन किया, जो भारत की इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना है। चिनाब नदी पर बना यह ब्रिज जमीन से 359 मीटर (करीब 1,177 फीट) की ऊंचाई पर है। ये ऊंचाई 100 मंजिला इमारत से भी ज्यादा है। यह ब्रिज जम्मू और कश्मीर के बीच रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए बनाया गया है।
कटरा से श्रीनगर अब सिर्फ 3 घंटे में
ब्रिज की कुल लंबाई 1,315 मीटर है और यह स्टील के आर्च पर टिका हुआ है। इसे भूकंप, तेज हवाओं और मौसम की हर चुनौती को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यानी यह हर मौसम में काम करने वाला ब्रिज है। इस ब्रिज के बनने से कटरा और श्रीनगर के बीच की दूरी अब केवल 3 घंटे में तय की जा सकेगी। पहले यह सफर कई घंटों में होता था। इस कनेक्टिविटी से घूमने आए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी फायदा होगा।
46 हजार करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा
अपने दौरे में पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को कुल ₹46,000 करोड़ की विकास परियोजनाएं समर्पित कीं। इसमें रेलवे, रोड, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
नया कश्मीर, नई रफ्तार
पीएम मोदी का यह दौरा सिर्फ एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह नए कश्मीर की दिशा में एक ठोस कदम है। अब चिनाब ब्रिज और अंजी पुल जैसे प्रोजेक्ट कश्मीर की तस्वीर और तकदीर बदलने वाले साबित होंगे।
वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई, जो इस नए रूट पर चलेगी। इससे लोगों को तेजी से, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। प्रधानमंत्री ने चिनाब ब्रिज पर पहुंचकर इसका निरीक्षण किया और अधिकारियों से बातचीत भी की। उन्होंने इस काम के लिए इंजीनियरों और रेलवे अधिकारियों की सराहना की। चिनाब ब्रिज को बनाने में सैकड़ों इंजीनियरों और मजदूरों ने मिलकर काम किया। इसे बनाने में तकनीकी चुनौतियों का सामना किया गया, जैसे तेज हवा, ऊंचाई और कठिन इलाका। यह प्रोजेक्ट भारतीय रेलवे का गौरव बन चुका है। चिनाब ब्रिज भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर चमत्कार है। इससे जम्मू-कश्मीर की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।





