नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार से पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नया भारत अब किसी की परमाणु धमकियों से डरता नहीं, बल्कि घर में घुसकर जवाब देता है।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों-बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कल ही दुनिया ने देखा कि एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रोकर अपना हाल बताया है। प्रधानमंत्री ने कहा, “ये नया भारत है ये किसी की परमाणु धमकी से डरता नहीं है, बल्कि घर में घुसकर मारता है। मां भारती की सुरक्षा आज देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हैदराबाद लिबरेशन डे से प्रेरणा
धार की सभा में पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय सेना ने हैदराबाद को बचाकर देश का गौरव बढ़ाया। हमारी सरकार ने हैदराबाद लिबरेशन डे को आधिकारिक रूप से मनाकर उस घटना को अमर कर दिया। उन्होंने कहा कि आज 140 करोड़ भारतीय विकसित भारत बनाने का संकल्प ले चुके हैं और हर पल देश के लिए समर्पित हैं। पीएम मोदी धार में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ और राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल धार का नहीं, बल्कि पूरे देश की महिलाओं को समर्पित है।
”भगवान विश्वकर्मा को नमन”
विश्वकर्मा जयंती पर पीएम मोदी ने कौशल निर्माण से जुड़े सभी भाइयों और बहनों को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा हमें कौशल और परिश्रम से राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। जन्मदिन पर पीएम मोदी ने पाकिस्तान को सख्त संदेश देकर साफ कर दिया कि भारत अब डरने वाला नहीं है। ‘नया भारत’ आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देता है और राष्ट्र सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।




