नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लोकसभा में सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान दोनों देशों ने अपने-अपने हितों की रक्षा की है और भारत ने खासतौर पर कृषि, डेयरी और किसानों के हितों को सुरक्षित रखा है।
‘संवेदनशील क्षेत्रों से कोई समझौता नहीं’
पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि ट्रेड डील के दौरान भारत ने अपने संवेदनशील मुद्दों को समझौते से अलग रखा। उन्होंने कहा कि कृषि और खाद्य क्षेत्र पर पूरा ध्यान दिया गया है और इससे किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फरवरी 2025 में हुई अमेरिका यात्रा के बाद से दोनों देशों के बीच नियमित बातचीत चल रही थी। अलग-अलग स्तरों पर करीब एक साल तक चर्चा के बाद ट्रेड डील के कई अहम पहलुओं को अंतिम रूप दिया गया।
हंगामे के बीच दिया बयान
संसद में विपक्ष के हंगामे के बीच पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच यह समझौता संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और दोनों देशों के हित में है। उन्होंने कहा कि इस डील से निवेश बढ़ेगा और व्यापार को नई दिशा मिलेगी। इससे पहले पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश के विकास से कोई मतलब नहीं है और वे भारत-अमेरिका ट्रेड डील को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।
सरकार ने विपक्ष के आरोप किए खारिज
विपक्ष का आरोप था कि अमेरिका के दबाव में आकर यह डील की गई है और इससे किसानों को नुकसान होगा। इस पर सरकार ने साफ कहा है कि यह समझौता भारत के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। पीयूष गोयल ने कहा कि इस ट्रेड डील से भारत और अमेरिका, दोनों को फायदा होगा। इससे व्यापार बढ़ेगा, निवेश आएगा और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।




