नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ही उम्मीदवार के नाम पर मंथन कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस आईटी सेल के प्रमुख पवन खेड़ा ने सरकार और आरएसएस पर कड़ा हमला बोला है।
उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर सवाल
जब मीडिया ने पवन खेड़ा से विपक्ष के उम्मीदवार के बारे में पूछा तो उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा,“धनखड़ साहब का पता चला क्या, कि आजकल वो कहां हैं? सही वक्त पर कैंडिडेट का भी जवाब दिया जाएगा। पवन खेड़ा ने आगे कहा कि इतनी जल्दी किस बात की है, अभी तो बीजेपी और उनके सहयोगी ही तय नहीं कर पाए हैं कि उनका उम्मीदवार कौन होगा। पवन खेड़ा ने सत्तारूढ़ दल को निशाने पर लेते हुए कहा कि बीजेपी के भीतर भी अब कई गुट बन चुके हैं। उन्होंने कहा “नड्डा जी कह रहे हैं कि कब तक मुझे एक्सटेंशन में रखोगे, मुझे भेज दो। फिर देखते हैं कि धनखड़ साहब गायब हो गए हैं तो डर जाते हैं। पहले उन्हें तय करने दीजिए कि वे क्या करने वाले हैं।
RSS पर तीखा वार
पवन खेड़ा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी हमला बोला और कहा कि अगर संघ एक NGO है तो उसका रजिस्ट्रेशन और अकाउंट डिटेल कहां है? उन्होंने कहा, “भगवान हमारे समाज और देश को ऐसे NGO से बचाए, जिसने 25 साल मुखबिरी में, 25 साल संविधान और तिरंगे का अपमान करने में, 25 साल मंदिर-मस्जिद के झगड़े में और पिछले 25 साल दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों के हक छीनने में बिता दिए। उन्होंने दावा किया कि ऐसे NGO को जल्द ही बंद करना होगा।
INDIA गठबंधन का रुख
जब उनसे पूछा गया कि INDIA गठबंधन की सरकार बनी तो क्या संघ पर बैन लगाया जाएगा, इस पर पवन खेड़ा ने कहा कि हम इनसे कानून का पालन कराएंगे। हम दिखाएंगे कि इनको रजिस्टर कराना पड़ेगा, और तब देखेंगे कि रजिस्ट्रेशन होगा भी या नहीं। कुल मिलाकर, उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीति तेज होती जा रही है। जहां बीजेपी अभी उम्मीदवार के नाम पर फैसला नहीं ले पाई है, वहीं कांग्रेस लगातार सरकार और संघ पर हमलावर है।




