नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचा रखी है। कोसी क्षेत्र की हालत तो और खराब है। लोगों को खाने-पीने से लेकर बाकि अन्य चीजों की दिक्कतें हो रही हैं। लोगों के द्वारा सरकार से मदद की गुहार लगाते वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसी बीच पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अपने क्षेत्र के लोगों के लिए संकट मोचन बनकर निकले हैं। पप्पू यादव लगातार बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जान रहे हैं।
कोसी बांध के पास पप्पू यादव बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने खुद बुलेट चलाकर पहुंचे और उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुनते हुए उसके निवारण का आश्वासन दिया। इस दौरान वो राहत सामग्री और पैसे बांटते भी दिखाई दिये।
पप्पू यादव ने बांटे पैसे
बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात के बाद पप्पू यादव उन्हें राहत सामग्री और पैसे बांटते दिखाई दिये। उनके पैसे बांटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसपर पप्पू यादव ने कहा कि मुश्किल वक्त में गरीबों में पैसे बांटने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने दरभंगा में राहत सामग्री और नकदी बांटी।
पप्पू यादव ने इस दौरान कहा कि “कबतक राजनीति करेंगे। 40 साल में कोसी ने कईयों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाया। जाति मजहब की राजनीति की गई, लेकिन कोसी के लोगों की जिंदगी नहीं बदली। हमें बाढ़ से मुक्ति नहीं मिली”
सहरसा जिले का भी किया दौरा
बता दें कि, बिहार का सहरसा जिला भी भयंकर बाढ़ की चपेट में है। इसको देखते हुए पप्पू यादव ने सहरसा का भी दौरा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि सहरसा जिले के मेहसी प्रखंड के बिरगांव में बाढ़ की चपेट में आने की वजह से गांव के लोग तीन दिनों से भूखे हैं। सरकार और प्रशासन ना तो उनकी मदद की ना ही कोई व्यवस्था। इसलिए कम्युनिटी किचेन शुरू कर तत्काल राहत के लिए 50 हजार रुपये दिया। सरकार जिम्मेदारी से भाग सकती है मैं कैसे मुंह मोड़ लूं?
कोसी का रॉबिनहुड
पप्पू यादव के कोसी क्षेत्र में पहुंचने पर सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों ने जमकर सराहना की। यूजर्स ने कहा कि ये पहली बार नहीं है कि पप्पू यादव लोगों की मदद के लिए पहुंचे हैं। इससे पहले भी वो लोगों से मिलकर उनकी मदद करते रहते हैं। वहीं एक यूजर ने कहा कि पप्पू यादव बिहार का रॉबिनहुड हैं। कोसी क्षेत्र बाढ़ से कराह रहा है। दूर-दूर तक कोई नेता नहीं दिख रहा है, लेकिन पप्पू यादव सैंटा क्लॉज वाला झोला लेकर निकले हैं और जिन्हें जरूरत है उनकी मदद कर रहे हैं।
रुपौली विधानसभा क्षेत्र का भी किया था दौरा
बता दें कि, पप्पू यादव कुछ दिन पहले रुपौली विधानसभा क्षेत्र के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को ना सिर्फ राहत सामग्री दी, बल्कि उनको पैसे भी बांटे, इस दौरान पप्पू यादव ने सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।





