नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जम्मू-कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में कम से कम 26 लोगों की जान चली गई और 13 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हमला उस वक्त हुआ जब पर्यटक सुंदर वादियों का आनंद ले रहे थे। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट) ने ली है, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ माना जाता है।
गृहमंत्री अमित शाह ने श्रद्धांजलि दी
हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तुरंत श्रीनगर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। शाह ने पुलिस कंट्रोल रूम में मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की। उन्होंने कहा, “इस जघन्य हमले के पीछे जो भी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने पहलगाम में घटनास्थल का भी दौरा किया जहां इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया था।
पीएम मोदी ने सऊदी यात्रा बीच में छोड़ी, लौटे भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस गंभीर घटना की जानकारी मिलते ही अपनी सऊदी अरब यात्रा बीच में छोड़ दी और दिल्ली लौट आए। एयरपोर्ट पर उन्होंने एनएसए अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। पीएम मोदी ने भी हमले पर गहरा दुख जताया।
घटना की जांच में जुटी NIA
इस हमले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई है। NIA की एक टीम आज घटनास्थल का दौरा कर सकती है। वे फोरेंसिक सबूत इकट्ठा करेगी और स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेगी ताकि सच्चाई सामने आ सके। हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसमें आर्मी की विक्टर फोर्स, CRPF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप शामिल हैं। आतंकियों की तलाश तेज़ी से की जा रही है और पूरे इलाके को घेर लिया गया है।
मारे गए लोगों में विदेशी भी शामिल
इस हमले में दो विदेशी नागरिक – एक संयुक्त अरब अमीरात और एक नेपाल से थे – उनकी भी मौत हुई है। इसके अलावा दो स्थानीय नागरिकों की भी जान चली गई। पूरे देश में इस आतंकी हमले को लेकर गुस्सा और शोक का माहौल है। आम जनता से लेकर राजनेता तक, सभी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और मृतकों को श्रद्धांजलि दी है।




