नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार के सुपौल में एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया गया, जिसके बारे में जो भी सुन रहा है। वो दांतों तले उंगली दबा ले रहा। दरअसल बिहार के सुपौल जिले में त्रिवेणीगंज के लालपट्टी स्थित सेंट जॉन बोर्डिंग स्कूल में एक नर्सरी क्लास में पढ़ रहा 5 साल का बच्चा अपने बैग में हथियार लेकर स्कूल पहुंचा था। प्रार्थना से पहले नर्सरी के छात्र ने तीसरी क्लास के 10 साल के छात्र आसिफ को गोली मार दी। गोली आसिफ के बाएं हाथ में लगी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया।
5 साल का बच्चा बंदूक लेकर पहुंच गया स्कूल
घटना के बाद आनन-फानन में आसिफ को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रशासन से भी ये पूछताछ की जा रही कि आखिर बच्चा स्कूल में बंदूक लेकर पहुंच कैसे गया।
परिजनों ने किया प्रदर्शन
वहीं घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने लालपट्टी गांव स्थित NH-327 पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक एनएच पर खड़े होकर परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के बड़े अधिकारियों ने किसी तरह से मामले को समझा-बूझाकर जाम खत्म कराया। अब सेंट जॉन बोर्डिंग स्कूल में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




