नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हिमाचल प्रदेश में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाजों की खूब चर्चा होने लगी है। हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह योगी आदित्यनाथ के कामों के मुरीद हुए थे, उन्होंने योगी सरकार की तरह हिमाचल में भी दुकानों में नेम प्लेट लगाने का फैसला ले लिया था, लेकिन कांग्रेस आलाकमान को विक्रमादित्य सिंह का यह निर्णय बिल्कुल भी नहीं भाया था। जिसके बाद कांग्रेस आलाकमान ने इस फैसले को लेकर उन्हें दिल्ली तक तलब कर दिया था। इसके बावजूद भी हिमाचल की कांग्रेस सरकार में योगी सरकार के कामकाजों को लेकर चर्चा बंद होने का नाम ही नहीं ले रही है। अब हिमाचल सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने योगी आदित्यनाथ के कामकाजों की प्रशंसा की है।
रोहित ठाकुर ने 4 अक्टूबर को शिक्षा विभाग की एक बैठक बुलाई
हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर कुछ दिनों पहले उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे जहां उन्होंने योगी सरकार के कामों के बारे में जानकारी हासिल की थी। जिसको जानने के बाद रोहित ठाकुर योगी आदित्यनाथ के मुरीद हो गए। इसी को लेकर रोहित ठाकुर ने 4 अक्टूबर 2024 को हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग की एक बैठक बुलाई। जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए बड़े सुधार और अच्छे कामकाज को लेकर चर्चा करने की बात मीडिया को बताई है।
हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बैठक से पहले मीडिया को कहा की इस बैठक में सभी अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के बाद भी बहुत ही बढ़िया तरीके से शिक्षा को आगे बढ़ा रहा है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों से इस बैठक में चर्चा करेंगे कि वे किस तरह से उत्तर प्रदेश के शिक्षा मॉडल को अपने राज्य में लाएं।
उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग में चल रहे कार्यक्रमों का अध्ययन किया
बता दें कि हिमाचल सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अपनी टीम के साथ सितंबर के अंत में उत्तर प्रदेश में गए थे। उनकी टीम ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग में चल रहे कार्यक्रमों का अध्ययन किया था। इसके बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और उनकी टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और यूपी के शिक्षा मॉडल को लेकर चर्चा भी की थी। जिसके बाद हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 4 अक्टूबर 2024 को हिमाचल में भी यूपी शिक्षा मॉडल की तरह योजनाएं बनाने को लेकर यह बैठक बुलाई थी।




